कूप निर्माण के भुगतान के लिए मांगी थी घूस, आरोपी को रांची ले गई टीम
गुमला। गुमला जिले के बिशुनपुर प्रखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सेरका पंचायत की सचिव किरण कुसुम खलखो को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी की टीम आरोपी पंचायत सचिव को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रांची लेकर गई है।
मिली जानकारी के अनुसार बिशुनपुर प्रखंड के सेरका पंचायत अंतर्गत चट्टी गांव निवासी लाभुक परमेश्वर सिंह ने एसीबी को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया था कि उन्होंने कूप निर्माण कार्य पूरा कर लिया है, लेकिन अंतिम भुगतान करने के लिए पंचायत सचिव 8 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रही थीं।
लाभुक के अनुसार बिना घूस दिए भुगतान नहीं करने की बात कही जा रही थी। इसके बाद परमेश्वर सिंह ने एसीबी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। शिकायत की जांच के बाद एसीबी टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की और पंचायत सचिव को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि गुमला जिले में भ्रष्टाचार के मामलों में एसीबी द्वारा यह पहली कार्रवाई नहीं है। इससे पहले भी कई सरकारी कर्मियों को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया जा चुका है। लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से यह स्पष्ट हो रहा है कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिस पर एसीबी की नजर बनी हुई है।



















Total Users : 840855
Total views : 2553983