सिमरिया(चतरा) सुबोध शर्मा। सिमरिया थाना क्षेत्र के केंदू कसारी स्थित करमाटांड़ जंगल में एयर एंबुलेंस दुर्घटना मामले में सामने आ रही जानकारियों ने पूरे जिले को स्तब्ध कर दिया है। गंभीर रूप से झुलसे मरीज को दिल्ली इलाज के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन जीवन बचाने की कोशिश दर्दनाक त्रासदी में बदल गई। हादसे में विमान में सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, चंदवा सरोज नगर निवासी संतोष साहू सोमवार को बकोरिया गांव स्थित एक दुकान में शॉर्ट सर्किट से लगी आग में करीब 65 प्रतिशत तक झुलस गए थे। उनका इलाज रांची के देवकमल अस्पताल में चल रहा था। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें दिल्ली एम्स रेफर कर दिया। परिजनों ने बेहतर इलाज की उम्मीद में करीब आठ लाख रुपये खर्च कर एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की थी। मंगलवार की शाम एयर एंबुलेंस ने उड़ान भरी, लेकिन सिमरिया के घने जंगल में पहुंचते ही मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज बारिश और आंधी के बीच विमान संतुलन खो बैठा और करमाटांड़ जंगल में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब आठ बजे जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद जंगल में आग की लपटें उठती दिखीं। आसपास के गांवों से करीब एक हजार लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। एयर एंबुलेंस में संतोष साहू के साथ उनकी पत्नी बसंती देवी, भांजा ध्रुव, पायलट स्वराज दीप सिंह, सह-पायलट विवेक, डॉक्टर विकास कुमार गुप्ता, नर्सिंग स्टाफ सचिन कुमार मिश्रा तथा डॉ. विकास भगत सवार थे। हादसा इतना भीषण था कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस प्रशासन और एसएसबी 35वीं बटालियन के जवान मौके पर पहुंचे। दुर्घटनास्थल मुख्य सड़क से लगभग चार किलोमीटर अंदर घने जंगल में होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य बेहद कठिन रहा। लगातार बारिश और अंधेरा भी बाधा बना रहा। जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों को बाहर निकाला और पैदल चार किलोमीटर लाकर एंबुलेंस से पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर मलबे के पास लोगों के जाने पर रोक लगा दी है। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे चतरा और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है। बेहतर इलाज की उम्मीद में शुरू हुई यह उड़ान पूरे इलाके के लिए कभी न भूलने वाला दर्द बन गई। प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका खराब मौसम को कारण मान रही है, हालांकि तकनीकी पहलुओं की भी विस्तृत जांच की जाएगी। जिले के वरीय अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
बेहतर इलाज की उम्मीद में भरी उड़ान बनी अंतिम सफर, सिमरिया के करमाटांड़ जंगल में एयर एंबुलेंस क्रैश, सातों की मौत; एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल

On: February 25, 2026 12:03 AM

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now


















Total Users : 819034
Total views : 2524391