ओवरलोड सवारी वाहन ने ली एक मासूम समेत दो की जान, 8 गंभीर, शादी से लौट रहे थे लोग

0
7

प्रतापपुर (चतरा)। प्रतापपुर जोगियारा मुख्य सड़क मार्ग पर शुक्रवार सुबह बाराती गाड़ी विपरीत दिशा से आ रहे लूना सवार को अपने चपेट में ले लिया और खुद भी पलटीकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जिसमें 9 सवार गंभीर रूप से घायल हुए और 4 वर्षीय मासूम बच्चे की मृत्यु घटनास्थल पर ही हो गई। मिली जानकारी के अनुसार सवारी वाहन भांगदोहर से बारात करके बारातियों के साथ कुंदा प्रखंड के कारी मांडर लौट रही थी। तभी प्रतापपुर-जोगियारा मार्ग पर वीरेंद्र मुखिया के होटल के समीप एक लूना सवार दो व्यक्ति और एक छोटे बच्चे को अपने चपेट में ले लेते हुए पलट गया। सवारी पर ओवरलोड यात्री सवार थे। जिसमें 8 गंभीर रूप से घायल हो गए। सवारी वहन के घायलों में 25 वर्षीय संजू गंझु, 22 वर्षीय राजेंद्र गंझु, 35 वर्षीय बालेश्वर गंझू, 30 वर्षीय विजय गंझू और उसकी 28 वर्षीय पत्नी सुनीता देवी, मुनिया देवी पति बालेश्वर गंझू एवं हरनाही निवासी उमेश गंझू की पत्नी सुनीता देवी का नाम शामिल है। जबकि लूना सवार लगभग 45 वर्षीय अरविंद प्रसाद पिता बैजनाथ प्रसाद व उनकी बेटी रूबी देवी पति प्रमोद प्रसाद को भी गंभीर चोट लगी है और 4 वर्षीय बालक परमजीत कुमार की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। घायल अरविंद प्रसाद ने बताया कि वह अपनी बेटी और नाती परमजीत को लेकर चतरा बेटी के ससुराल जा रहे थे। उन्होंने बताया कि गया जिला अंतर्गत बांके बाजार लुटवा थाना क्षेत्र के डुमरी गांव के रहने वाले हैं। वहीं दुर्घटना को देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कुमार संजीव और प्रतापपुर थाना प्रभारी कासिम अंसारी को फोन कर मदद की गुहार लगाई। इन अधिकारियों ने भी तुरंत संज्ञान लेते हुए घटनास्थल पर एंबुलेंस के साथ खुद पहुंचे। एंबुलेंस चालक धर्मेंद्र कुमार सिंह ने घायल सभी लोगों को प्रतापपुर अस्पताल में भर्ती किया। तत्पश्चात गंभीर रूप से घायलों को एंबुलेंस से मगध मेडिकल कॉलेज गया भेजा गया। जहां इलाज के क्रम में अरविंद प्रसाद की भी मौत हो गई। ज्ञात हो कि ओवरलोडिंग, तेज़ गति, शराब सेवन व रातभर जागने के साथ शादी-ब्याह के मौसम में समय की जल्दी और वाहनों की बेतरतीब बुकिंग से हादसों का खतरा बढ़ जाता है।