
रांची/रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ व रांची जिले के चार युवकों की मौत महाकुंभ से लौटने के दौरान सड़क हादसे में हो गई। मिली जानकारी के अनुसार कार पर सवार श्रद्धालु महाकुंभ से झारखंड लौट रहे थे तभी मंगलवार के देर रात उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ अंतर्गत कोतवाली देहात क्षेत्र में प्रयागराज-अयोध्या राजमार्ग पर बबुरहा मोड़ के पास उनकी कार एक घर में घुस गई और इस दुघर्टन में घटनास्थल पर ही 4 लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 26 वर्षीय अभिषेक कुमार ओझा, भदानीनगर ग्लास फैक्टरी रामगढ़ जिला, 27 वर्षीय अभिषेक कुमार, रांची, 26 वर्षीय सौरभ गुप्ता, जवाहरनगर पुराना सिनेमा हॉल भुरकुंडा, रामगढ़ व चालक 30 वर्षीय सानाउल्ला ऊपर चिकोर, भदानीनगर जिला रामगढ़ के रुप में की गई है। वहीं रांची के रोहित कुमार सिंह, आकाश जवाहरनगर भुरकुंडा और रवि कुमार की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उक्त घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।