
झारखण्ड/गुमला: झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद एवं कोल इंडिया लिमिटेड के तत्वावधान में जिला प्रशासन गुमला द्वारा आयोजित द्वितीय गुमला साहित्य महोत्सव के दूसरे दिन का शुभारंभ उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के स्वागत संबोधन से हुआ। इस अवसर पर उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के संदेश का वाचन किया और उनके प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में गुमला की समृद्ध साहित्यिक परंपरा की सराहना करते हुए जिले में संचालित सावित्रीबाई फुले पुस्तकालय और अन्य पुस्तकालयों के माध्यम से पठन-पाठन संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव से न केवल साहित्यिक प्रतिभाओं को मंच मिलेगा, बल्कि स्थानीय भाषाओं और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान भी मिलेगी।
कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों द्वारा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके पश्चात साहित्य जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने मंच की शोभा बढ़ाई, जिनमें विक्रम ग्रीवाल, अक्षय बहिबालाजी, डॉ. नारायण उरांव, यदुवंश प्रणय, जसिंता केरकेट्टा, चंद्रहास चौधरी, अनुकृति उपाध्याय, अनुज लुगुन, महेश्वर सोरेन, डॉ. प्रेम चंद्र उरांव, संजीव कुमार मुर्मू, और शताब्दी मिश्रा प्रमुख रूप से शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों का पारंपरिक झारखंडी संस्कृति के अनुरूप स्वागत किया गया, उन्हें पंची एवं साफा पहनाया गया और स्थानीय संगीत व खानपान का अनुभव प्रदान किया गया।
हजारों की संख्या में नागरिकों की उपस्थिति ने इस आयोजन की भव्यता को और बढ़ाया। साथ ही, जिला प्रशासन के विभिन्न वरिष्ठ अधिकारियों, पुलिस अधीक्षक, जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, आईटीडीए परियोजना निदेशक, एसडीओ सदर, एसडीओ चैनपुर, एसडीओ बसिया, एलआरडीसी गुमला सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों एवं उनके परिवारों ने भी इस आयोजन में सहभागिता की।
महोत्सव का तीसरा एवं अंतिम दिन 17 फरवरी को आयोजित होगा, जिसमें भारतीय हास्य लेखक, पटकथा लेखक एवं गीतकार वरुण ग्रोवर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उनके साथ चंद्रहास चौधरी, विक्रम ग्रीवाल, यदुवंश प्रणय, महेश्वर सोरेन, संजीव मुर्मू, संजय कच्छप, उदय प्रकाश एवं पंकज मित्र सहित कई ख्यातिप्राप्त साहित्यकारों का समागम होगा। यह कार्यक्रम प्रातः 10 बजे प्रारंभ होकर अपराह्न 6 बजे तक चलेगा। जिले के सभी नागरिक इस आयोजन में सादर आमंत्रित हैं।