न्यूज स्केल संवाददाता
मयूरहंड (चतरा)। मयूरहंड थाना क्षेत्र के फुलांग गांव निवासी किशोरी साव 61 वर्ष की मौत संदेहास्पद स्थिति में कुएं में डूबने से हो गई। प्राप्त जानकारी अनुसार मृतक बुधवार शाम अपने घर से गांव के तरफ निकले थे। लेकिन देर रात तक लौटकर घर वापस नहीं आए, तो परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, पर पता नहीं चला। गुरुवार सुबह गांव के ही बाबूलाल भुईयां के घर के बगल के कुआं में शव तैरता हुआ मिला। बाबूलाल भूईया की पत्नी सुबह कुआं पर पानी लाने गई तो मृतक का शव को देखकर हो हल्ला की। जिसके बाद ग्रामीण कुएं के पास पहुंचकर शव को कुएं से बाहर निकाला। तत्पश्चात घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पाकर थाना प्रभारी अमित कुमार दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर शव का पंचनामा कर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया। मृतक अपने पीछे बुढ़ी मां, पत्नी, दो लड़का व एक लड़की को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है। परिजनों ने मृतक के साथ मारपीट कर हत्या करने की आशंका जताई है। थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक परिजनों द्वारा कोई लिखित आवेदन थाने में नहीं दी गई है। आवेदन के पश्चात प्राथमिकी दर्ज की जायेगी। हालांकी छानबीन के बाद ही पता चल पाएगा कि ये मामला आत्महत्या या हत्या का है।