न्यूज स्केल संवाददाता
सिमरिया (चतरा)। बाल दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार चतरा के सचिव तारकेश्वर दास के निर्देशन में गुरुवार को विधिक जागरुक्ता शिविर का आयोजन किया गया। कानूनी सहायता केंद्र सिमरिया के विधिक कार्यकर्ता सुबोध कुमार शर्मा, उमेश प्रसाद एवं रंजन कुमार मिश्रा के द्वारा सिमरिया अनुमंडल मुख्यालय में संचालित अनुसूचित जाति बालिका उच्च विद्यालय, संतथॉमस स्कूल शिला तथा पीएलभी रवि कांत कुमार के द्वारा लावालज्ञैंग प्रखंड के लमटा में संचालित नेशनल पब्लिक स्कूल में बाल दिवस के अवसर पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र के समक्ष दीप जलाकर एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर परविद्यालय के प्रधानाचार्य रामप्रवेश केवट ने बच्चों को बताया कि भारत में हर साल 14 नवंबर को बाल दिवस भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिन के अवसर पर मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य बच्चों के अधिकारों और उनके भविष्य के लिए काम करना है। यह दिन बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के क्षेत्र में उनके अधिकारों के बारे में जागरूक करने के लिए मनाया जाता है। बच्चों के लिए एक महत्वपूर्ण दिन है, जो उनके भविष्य के लिए हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इसके अलावा बाल श्रम बाल विवाह, शिक्षा का अधिकार के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के पश्चात सभी बच्चों को विद्यालय प्रबंधन के द्वारा मिठाई एवं पुरस्कार दिया गया।