13 नवंबर को सिमरिया व चतरा विधानसभा क्षेत्र में पहले चरण में होगा मतदान, जिले में आदर्श आचार संहिता लागू, उपायुक्त ने प्रेस वार्ता कर दी जानकारी

0
294

न्यूज स्केल संवाददाता
चतरा। झारखंड विधानसभा आम चुनाव 2024 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रमेश घोलप ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में प्रेस कान्फ्रेंस कर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा आम चुनाव 2024 के घोषणा से संबंधीत जानकारी दी। उपरोक्त जानकारी देते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिले में आज से आदर्श आचार संहिता लागू हो चुका है।

आदर्श आचार संहिता के अवहेलना करने वालों के ऊपर कार्रवाई की जाएगी। जिले में कुल 19 कोषांगों का गठन कर लिया गया है। इसके सफल संचालन हेतु सभी कोषांग के नोडल पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया है। पूरे राज्य में पहले चरण में 13 नवंबर व दूसरे चरण का चुनाव 20 नवंबर को होगा। जिसमें जिले के चतरा और सिमरिया विधानसभा क्षेत्र में चुनाव 13 नवंबर 2024 को पहले चरण में होगा। जिसके लिए 18 से 25 अक्टूबर 2024 तक उम्मीदवारों का नामांकन, 28 अक्टूबर को नामांकन पत्रों का स्क्रुटनी। वहीं नाम वापसी की तिथि 30 अक्टूबर है। मतगणना 23 नवंबर को होगा। उम्मीदवारों का नामांकन निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी चतरा/ सिमरिया के कार्यालय कक्ष में होना है। चतरा विधानसभा क्षेत्र में कुल 419 व सिमरिया विधानसभा क्षेत्र में कुल 475 मतदान केंद्र हैं। वहीं चतरा जिले के 20 मतदान केंद्र बड़कागांव विधासभा क्षेत्र में आते हैं। जिले में अगर कुल मतदान केंद्रों की बात करें तो कुल 914 मतदान केंद्र हैं। दोनो विधानसभा क्षेत्र मिलाकर कुल 8,04,392 मतदाता हैं। इसमें सिमरिया विधानसभा में 3,77,183 व चतरा विधानसभा में 4,27,209 मतदाता हैं। सिमरिया में पुरुष मतदाताओं की संख्या 1,92,872 व महिला 1,84,311 है। चतरा में पुरुष मतदाताओं की संख्या 2,17,096, व महिलाओं की संख्या 2,10,111 है। जबकी थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 2 है। साथ ही उन्होंने बताया कि जिले में चुनाव की लगभग सभी तैयारी पूर्ण कर ली गई है। प्रेस कांफ्रेंस में पुलिस अधीक्षक विकास कुमार पांडेय, उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा, वन प्रमंडल दक्षिणी मुकेश कुमार, अपर समाहर्ता चतरा अरविंद कुमार, निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया सन्नी राज, निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी चतरा जहूर आलम, उप निर्वाचन पदाधिकारी चतरा वेदवती कुमारी समेत अन्य सम्बंधित उपस्थित थे।