न्यूज स्केल संवाददाता
चतरा/पत्थलगड़ा। जिले के पत्थलगड़ा प्रखंड मुख्यालय स्थित बाजारटांड में पेड़ों पर रहने वालें सैकड़ों चमगादड़ों की मौत अचानक हो गई है। इससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा गया है। आशंका जताई जा रही है कि भीषण गर्मी की वजह से सभी चमगादड़ों की मौत हुई है। वन विभाग के संजय कुमार, वनपाल रूपलाल यादव, पशु रक्षक विनोद साव घटना की जांच कर रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार पत्थलगड़ा प्रखंड मुख्यालय स्थित बाजारटांड के पास जनता उच्च विद्यालय व मध्य विद्यालय परिसर में लगे लिपटस के पेड़ों में निवास करने वाले सैंकड़ों चमगादड़ों की मौत हो गई है। ग्रामीणों के मुताबिक, चमगादड़ परिसर स्थित पेड़ पर रहते थे। मंगलवार सुबह लोगों ने देखा कि कुछ चमगादड़ मर चुके थे और वे पेड़ से नीचे गिरे हुए थे। कुछ देर बाद अचानक पेड़ से चमगादड़ों के शव नीचे गिरने लगे। यह मौत का क्रम बुधवार को भी जारी रहा। चमगादड़ों की मौत के बाद ग्रामीण दहशत में हैं। दुसरी ओर आशंका जताई जा रही है कि चमगादड़ों की मौत गर्मी से हुई है। इधर तीन दिनों से जिले में रिकॉर्डतोड़ तापमान दर्ज किए गए हैं। पत्थलगड़ा प्रखंड में बीते तीन दिनों से दिन का अधिकतम तापमान 45 के पार रह रहा है। वही सिंघानी पंचायत मुखिया पति संजय दांगी, जगदीश दांगी सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि गर्मी के कारण चमगादड़ों की मौत हो रही है। वहीं ग्रामीणों ने अहम भूमिका निभाते हुए सभी मृत चमगादड़ों के शव को इकट्ठा कर स्थानिय नदी में ले जाकर दफनाया गया।