विधिक सहायता केंद्र द्वारा चलाया गया जागरूक अभियान, लोगों को सरकारी योजनाओं के प्रति किया गया जागरूक
सिमरिया (चतरा)। नालसा नई दिल्ली, झालसा रांची और जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव प्रज्ञा बाजपेई के दिशा निर्देशन में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत मंगलवार को विधिक सहायता केंद्र सिमरिया के तत्वाधान में जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत सिमरिया प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय पिपराडीहन में विधिक कार्यकर्ता सुबोध कुमार शर्मा, उमेश प्रसाद और रंजन कुमार मिश्रा के संयुक्त नेतृत्व में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। साथ ही प्रभात फेरी निकालकर विशेष कर महिला, बच्चों और दिव्यांगों को चलाए जा रहे जनकल्याण जानकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान प्रधानाचार्य ने बच्चों को साइबर क्राइम की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी परिस्थिति में बैंक के अधिकारी फोन कर खाता से संबंधित जानकारी नहीं मांगते। ऐसा साइबर क्रिमिनल करते हैं। अतः अपने अकाउंट से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी फोन पर नहीं दें और ना ही ओटीपी किसी से शेयर करें, अनजाने लिंक को टच न करे और अगर ठगी के शिकार हो गए तो नजदीकी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराएं। प्रभात फेरी में बच्चे बाल श्रम बंद करो बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वंदे मातरम, भारत माता की जय, नशा छोड़ो जिंदगी से नाता जोड़ो आदि नारा लगा रहे थे।