वीबी-जी रामजी योजना में खराब प्रदर्शन पर मुखिया, सचिव और रोजगार सेवकों से मांगा गया जवाब, सेरनदाग के रोजगार सेवक के एक सप्ताह के मानदेय में कटौती; नई योजनाएं 24 घंटे में जमा करने का निर्देश
सिमरिया (चतरा)। सिमरिया प्रखंड कार्यालय के सभागार में बुधवार को बीडीओ चंद्रदेव प्रसाद की अध्यक्षता में विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मनरेगा, वीबी-जी रामजी, 15वें वित्त आयोग, विभिन्न आवास योजनाओं, स्थापना दिवस पखवाड़ा, बाल विवाह मुक्त भारत अभियान तथा रोजगार सृजन अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई।
बीडीओ ने 15 से 23 नवंबर तक आयोजित स्थापना दिवस पखवाड़े के कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का निर्देश दिया। साथ ही प्रधानमंत्री आवास, अबुआ आवास, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास एवं पीएम जनमन योजना के तहत लंबित आवासों का निर्माण निर्धारित समय सीमा में पूरा करने को कहा गया।
मनरेगा एवं रोजगार सृजन अभियान के तहत ई-केवाईसी, जलदूत ऐप, लंबित भुगतान और मानव दिवस सृजन की समीक्षा करते हुए पंचायतों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। बैठक में 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर तक चल रहे 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत पंचायत स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया गया।
वीबी-जी रामजी योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने वाले पंचायत प्रतिनिधियों एवं कर्मियों पर बीडीओ ने सख्ती दिखाई है। मानव दिवस सृजन, ई-केवाईसी और नई योजनाओं की स्वीकृति में खराब प्रदर्शन करने वाली पंचायतों के मुखिया, पंचायत सचिव एवं रोजगार सेवकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
बीडीओ ने बताया कि ग्राम सभाओं के बावजूद कई पंचायतों ने जल संरक्षण, ग्रामीण बुनियादी ढांचे एवं जलवायु अनुकूलन से जुड़ी नई योजनाओं को स्वीकृत कर प्रखंड कार्यालय में जमा नहीं किया है। संबंधित पंचायतों को 24 घंटे के भीतर योजनाएं जमा करने का निर्देश दिया गया है।
योजना के तहत प्रतिदिन प्रति पंचायत 150 मानव दिवस सृजन का लक्ष्य निर्धारित है। बानासाड़ी, जांगी और पुंडरा को छोड़कर अन्य पंचायतें लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी हैं। ई-केवाईसी में धीमी प्रगति पर चोपे, एदला, हुरनाली एवं जांगी पंचायत के रोजगार सेवकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। खराब प्रदर्शन को लेकर सेरनदाग पंचायत के रोजगार सेवक के एक सप्ताह के मानदेय में कटौती करते हुए कार्यप्रणाली में सुधार का निर्देश दिया गया है।
बैठक में सभी पंचायतों के मुखिया, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, आवास समन्वयक, कनीय अभियंता, पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सेवक, पंचायत सहायक एवं जेएसएलपीएस के कर्मी उपस्थित थे।
भरोसे की पहचान — न्यूज स्केल लाइव




















Total Users : 1272615
Total views : 3142571