Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेलकूद क्राइम शिक्षा राजनीति स्वास्थ राशिफल
---Advertisement---

दो सगे भाइयों पर जानलेवा हमला, 12 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज; गोली चलाने का भी आरोप

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से किया हमला, एक भाई का सिर फटा; रिवॉल्वर से फायरिंग की कोशिश में गोली मिसफायर होने का दावा

रांची। राजधानी रांची के हुंडरू इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर दो सगे भाइयों पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चाउमिन की दुकान पर बैठे दोनों भाइयों को करीब 12 लोगों ने घेरकर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा। हमले में एक भाई का सिर फट गया, जबकि दूसरे को भी गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने रिवॉल्वर से गोली चलाकर हत्या करने की कोशिश की, लेकिन गोली मिसफायर हो गई। घटना बीते 4 नवंबर की बताई जा रही है। मामले में मनीष लोहरा की शिकायत पर एयरपोर्ट थाना में सुमित नायक समेत 12 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।

चाउमिन खा रहे थे दोनों भाई, तभी पहुंच गए आरोपी

जानकारी के अनुसार, मनीष लोहरा अपने भाई संजय के साथ हुंडरू के हरिजन मोहल्ले में एक दुकान पर चाउमिन खा रहे थे। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचे और दोनों भाइयों को घेर लिया। शिकायत के मुताबिक, सुमित नायक ने दोनों को जान से मारने के लिए उकसाया, जिसके बाद आरोपियों ने हमला शुरू कर दिया। हमले के दौरान संजय की छाती और पीठ पर लोहे की रॉड से वार किया गया, जबकि मनीष के सिर पर कई बार प्रहार किया गया। इससे उनका सिर फट गया। दोनों भाई जमीन पर गिर पड़े, लेकिन आरोपियों ने मारपीट जारी रखी।

रिवॉल्वर से गोली चलाने का आरोप

मनीष का आरोप है कि मारपीट के दौरान एक आरोपी ने रिवॉल्वर निकालकर उन पर गोली चलाई। हालांकि, गोली मिसफायर हो गई और दोनों भाई किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों पर बाइक तोड़ने, मोबाइल छीनकर क्षतिग्रस्त करने और मनीष के पर्स से पांच हजार रुपये निकालने का भी आरोप लगाया है।

पुरानी रंजिश में हमले की आशंका

मनीष ने बताया कि पिछले वर्ष दीपावली के दूसरे दिन भी आरोपियों ने उनके घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की थी। उस घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से मामले दर्ज कराए गए थे, जिनकी सुनवाई अदालत में लंबित है। पीड़ित का आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के कारण दोबारा उन पर हमला किया गया।

पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, जांच शुरू

घटना के बाद घायल दोनों भाइयों को डोरंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया था। एयरपोर्ट थाना में सुमित नायक समेत 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जिम्मेदारी एएसआई एनएन चौधरी को सौंपी गई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें

Leave a Comment