पिता का शव लेकर बनारस निकले थे राजू पंडित, लौटे तो साथ में पत्नी का भी शव; मासूम बेटे ने कांपते हाथों से दी मुखाग्नि
हजारीबाग: कुछ यात्राएं ऐसी होती हैं, जो लौटकर नहीं आतीं। झारखंड के हजारीबाग जिला अंतर्गत बगोदर थाना क्षेत्र के मुंडरो पंचायत के बिहारो गांव का एक परिवार ऐसी ही यात्रा पर निकला था, जो उनकी आखिरी साबित हुई।
अंतिम संस्कार के लिए निकला था परिवार
परिजनों के मुताबिक राजू पंडित अपने दिवंगत पिता कुंजो कुम्हार का शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए बनारस जा रहे थे। इस दुख की घड़ी में उन्हें अंदाजा नहीं था कि आगे का सफर उनके पूरे परिवार के लिए इससे भी बड़ी त्रासदी लेकर आएगा। चौपारण की दनुआ घाटी में हुए सड़क हादसे में राजू पंडित और उनकी पत्नी सावित्री देवी की भी मौत हो गई। इस हादसे में परिवार के चार लोगों की जान गई।
गांव लौटे चार शव
सोमवार को चारों के शव बिहारो गांव पहुंचे। मंगलवार को अंतिम संस्कार की तैयारी हुई। जब चार शवों को एक साथ एंबुलेंस से श्मशान घाट ले जाया जा रहा था, तो पूरे गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। लोग एक-दूसरे को ढांढस बंधाने की कोशिश कर रहे थे, पर हर आंख नम थी।

एक चिता पर पति-पत्नी, मुखाग्नि देने आगे आया तीन साल का बेटा
श्मशान घाट का सबसे मार्मिक दृश्य तीन साल के साजन कुमार का था। राजू पंडित और सावित्री देवी का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया गया। नन्हे साजन ने कांपते हाथों से माता-पिता को मुखाग्नि दी। वह चिता की ओर एकटक देखता रहा। उसे शायद इस बात का अहसास भी नहीं था कि वह अपने जीवन की सबसे बड़ी त्रासदी से गुजर रहा है।
वहां मौजूद लोग इस दृश्य को देखकर भावुक हो गए और उसके भविष्य को लेकर चिंता जताते रहे।
तीन बच्चे हुए बेसहारा
इस हादसे ने तीन बच्चों के सिर से माता-पिता का साया छीन लिया। इनमें दो बेटियां और एक बेटा है। दोनों बेटियां बार-बार अपने माता-पिता को याद करके रोती रहीं।
पूरे गांव में सन्नाटा और शोक
एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से बिहारो गांव का हर शख्स मर्माहत है। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार शामिल हुए। जब चारों शव एक साथ श्मशान ले जाए गए, तो परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। लोग एक-दूसरे को सांत्वना देते रहे, लेकिन परिवार पर टूटे दुख के पहाड़ ने सबको झकझोर कर रख दिया।
News Scale Live – भरोसे की पहचान






















Total Users : 1264980
Total views : 3131157