Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेलकूद क्राइम शिक्षा राजनीति स्वास्थ राशिफल
---Advertisement---

तुपुदाना में ट्रक चालक की हत्या, चौपारण के कुएं में फेंका था शव; दो आरोपी गिरफ्तार

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का भी खुलासा, 726 पेटी शराब, पिस्टल, कट्टा और 20 कारतूस बरामद; हत्याकांड में चार लोगों की संलिप्तता की बात आई सामने

चौपारण(हजारीबाग)। रांची के तुपुदाना में शराब लदे ट्रक के चालक की हत्या कर शव को हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत दैहर गांव के एक कुएं में फेंकने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। बरही डीएसपी राधा प्रेम किशोर और चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड में मुख्य रूप से चार लोग शामिल थे। शेष दो आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र के परसोनी गांव निवासी रणविजय सिंह (34), पिता सतराजित सिंह तथा चौपारण थाना क्षेत्र के दैहर गांव निवासी विशाल कुमार सिंह (27), पिता स्वर्गीय गोपाल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों गिरफ्तार आरोपितों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक की हत्या रांची के तुपुदाना में की गई थी। इसके बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को चौपारण के दैहर गांव स्थित कुएं में फेंक दिया गया। बताया गया है कि शव को कंबल में लपेटकर उसके हाथ-पैर में पत्थर बांधे गए थे, ताकि शव पानी में डूबा रहे।

गुप्त सूचना पर हुई गिरफ्तारी, हथियार बरामद

पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने चौपारण-इटखोरी मुख्य मार्ग पर महाराजगंज के समीप छापेमारी की। इस दौरान वैगनआर कार से दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

शराब तस्करी के नेटवर्क का भी खुलासा

हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस ने शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क का भी खुलासा किया। अलग-अलग स्थानों पर की गई छापेमारी में इटखोरी के सवैया पुल के समीप स्थित एक जर्जर सरकारी भवन, नेवरी करमा तथा बरही के कोरियाडीह स्थित मुर्गी फार्म से कुल 726 पेटी शराब बरामद की गई। बरामद शराब में मैकडॉवेल्स और रॉयल चैलेंज ब्रांड की 180 एमएल, 375 एमएल और 750 एमएल की बोतलें शामिल हैं। पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों को भी जब्त किया है।

तीन वाहन और दो मोबाइल जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक वैगनआर कार, शराब ढोने में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन और एक फॉर्च्यूनर कार सहित कुल तीन वाहन जब्त किए हैं। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपितों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं। मामले में संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हत्याकांड में शामिल अन्य दो आरोपितों की गिरफ्तारी और शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी है। छापेमारी दल में तुपुदाना थाना प्रभारी सिद्धांत, चौपारण थाना के एसआई दिव्य प्रकाश, कृष्णा गुप्ता, सुरेंद्र कुमार एवं एएसआई बादल महतो सहित तुपुदाना और चौपारण पुलिस के पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें

Leave a Comment