सिया बांध से मौवार टोला को जोड़ने वाली सड़क के लिए सांसद-विधायकों तक लगाई थी गुहार; सिर्फ मिला आश्वासन, अब खुद संभाला मोर्चा
सिमरिया (चतरा)। सिमरिया प्रखंड की बगरा पंचायत के लुतीडीह गोठाई की मुख्य सड़क, जो सिया बांध से मौवार टोला को जोड़ती है, पिछले 20 वर्षों से बदहाल थी। जनप्रतिनिधियों की अनदेखी से नाराज ग्रामीणों ने आखिरकार खुद पहल की। उन्होंने आपसी चंदा और सहयोग जुटाकर जेसीबी मशीन मंगाई और सड़क की मरम्मत कर उसे चलने लायक बना दिया।
ग्रामीणों के अनुसार यह सड़क इलाके के आवागमन के लिए बेहद जरूरी है, लेकिन दो दशकों से जर्जर पड़ी थी। उनका कहना है कि इस दौरान उन्होंने पूर्व सांसद सुनील सिंह, वर्तमान सांसद कालीचरण सिंह, पूर्व विधायक गणेश गंझू, किसुन दास और वर्तमान विधायक उज्जवल दास तक से सड़क निर्माण की गुहार लगाई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इसी गांव से लगातार दस वर्षों तक पंचायत के मुखिया भी रहे, फिर भी सड़क का जीर्णोद्धार नहीं हुआ। बरसात में कीचड़ और गड्ढों के कारण पैदल चलना मुश्किल हो जाता था, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों और राहगीरों को सबसे ज्यादा परेशानी होती थी।
निराश होकर ग्रामीणों ने एकजुट होकर खुद सड़क समतल कराई। इस श्रमदान और आर्थिक सहयोग में मदन सिंह, सुबोध सिंह, लवकुश सिंह, शशि सिंह, रमेश सिंह समेत एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों की प्रमुख भूमिका रही। सड़क समतल होने से अब आवागमन में बड़ी राहत मिली है और ग्रामीणों की एकजुटता की सराहना हो रही है।




















Total Users : 1264095
Total views : 3129891