घर-दुकानों में हुई लक्ष्मी-गणेश की पूजा, जमकर हुई आतिशबाजी; बेलहर में भव्य पंडाल में स्थापित हुई माता लक्ष्मी की प्रतिमा, सभी प्रखंडों में श्रद्धा और उल्लास का माहौल
चतरा। जिले में रविवार को धूमधाम से श्रद्धा और शांति के साथ सुख-समृद्धि एवं ऐश्वर्य का पर्व दीपावली मनाया गया। इस अवसर पर शहर और गांव पूरी रात रंग-बिरंगी रोशनी से जगमग रहे। दीपावली को लेकर लोगों ने दुकानों और घरों को रंग-रोगन कर आकर्षक ढंग से सजाया था।
सुख-समृद्धि की कामना के लिए लोगों ने देवी लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा श्रद्धा के साथ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के साथ-साथ घरों में भी की। शाम होते ही दीप जलाने की परंपरा शुरू हुई और इसके साथ ही जमकर आतिशबाजी भी हुई। माता लक्ष्मी की पूजा के दौरान मंत्रोच्चार और आरती के गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
पत्थलगड़ा प्रखंड के बेलहर में ग्रामीणों ने भव्य पंडाल में माता लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित कर सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की। वहीं जिला मुख्यालय के साथ सिमरिया, टंडवा, इटखोरी, हंटरगंज, प्रतापपुर, कुंदा, कान्हाचट्टी, गिद्धौर, लावालौंग और मयूरहंड आदि प्रखंडों में भी विधिवत पंडाल में प्रतिमा स्थापित कर माता लक्ष्मी की पूजा की गई।
भरोसे की पहचान — न्यूज स्केल लाइव



















Total Users : 1261507
Total views : 3126061