पुत्रवधू के नेतृत्व में हुआ आयोजन; प्रखंड के गठन में रही थी अहम भूमिका
गिद्धौर (चतरा) | गिद्धौर प्रखंड मुख्यालय स्थित पंचायत भवन परिसर में पूर्व जिला परिषद सदस्य सह नेताजी बालेश्वर प्रसाद कुशवाहा की पांचवीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन उनकी पुत्रवधू संगीता कुशवाहा के नेतृत्व में किया गया।
प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने स्व. कुशवाहा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रखंड गठन में अहम रही भूमिका
मौके पर उपस्थित लोगों ने कहा कि नेताजी बालेश्वर प्रसाद कुशवाहा के असमय निधन से क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई थी। गिद्धौर प्रखंड के गठन में उनकी अहम भूमिका रही थी। वे ऊंच-नीच और जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर सभी वर्गों के लोगों के लिए काम करते थे और उनका पूरा जीवन ग्रामीणों की सेवा तथा समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहा।
गरीबों की मदद के लिए रहते थे तत्पर
लोगों ने याद करते हुए कहा कि नेताजी गरीबों और जरूरतमंदों के दुख-दर्द को अपना समझते थे। उन्होंने कई गरीब बच्चियों की शादी कराने में सहयोग किया और संकट के समय हमेशा दूसरों की मदद के लिए आगे रहते थे। जनहित के मुद्दों को लेकर उन्हें जेल तक जाना पड़ा था, जो उनके सामाजिक समर्पण को दर्शाता है। उनके सेवा भाव और संघर्ष को क्षेत्र के लोग आज भी याद करते हैं।
कौन-कौन रहे उपस्थित?
इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि कपिल कुमार, सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार कुशवाहा, जिला परिषद प्रतिनिधि अनिता देवी, राजूलाल वर्मा, देवनारायण दांगी, सांसद प्रतिनिधि सतेंद्र कुमार दांगी, परमेश्वर दांगी, मनोज वर्मा, बबलू साव, कमलेश रजक, महादेव दांगी, प्रदीप कुमार मौर्य, मुकेश कुमार, राकेश गुप्ता, उपेंद्र दांगी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

















Total Users : 1250925
Total views : 3110334