पिता के आवेदन पर पति समेत ससुराल के पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी; पोस्टमार्टम के लिए शव सदर अस्पताल भेजा गया, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा
गिद्धौर (चतरा)। गिद्धौर थाना क्षेत्र के बारीसाखी गांव में 23 वर्षीय विवाहिता की मौत से इलाके में सनसनी है। मृतका की पहचान बारीसाखी निवासी बबलू कुमार साव की पत्नी अनुपा कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मौत विषपान से हुई है। मायके पक्ष ने इसे दहेज हत्या बताते हुए ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार, बबलू और अनुपा के बीच काफी समय से पारिवारिक कलह चल रही थी। बताया जा रहा है कि गुरुवार की रात भी दोनों के बीच तेज बहस और झगड़ा हुआ था। इसके कुछ देर बाद अनुपा की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उसे शुक्रवार सुबह गिद्धौर के एक स्थानीय क्लीनिक ले गए, जहां से डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखकर हजारीबाग रेफर कर दिया। हजारीबाग ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
अनुपा के दो मासूम बच्चे हैं, जिनमें बड़ा 4 वर्ष और छोटा महज 1 वर्ष का है। मां के निधन से परिवार में कोहराम मचा है।
मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग बारीसाखी पहुंचे। मृतका के पिता गोविंद साव ने गिद्धौर थाने में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि ससुराल वाले पांच लाख रुपये नकद और एक अपाची बाइक की मांग कर रहे थे और मांग पूरी न होने पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी देते थे। उन्होंने दामाद बबलू कुमार साव, देवर डब्लू कुमार साव, ससुर इंद्रदेव साव, सास सुदामा देवी और दादा ससुर मुंशी साव पर साजिश के तहत विषपान कराकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री दल-बल के साथ गांव पहुंचे, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चतरा भेज दिया। पुलिस ने पति बबलू कुमार साव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि पिता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह आत्महत्या है या हत्या।



















Total Users : 1243106
Total views : 3099393