ग्रामीणों ने बल्ली और ईंट-पत्थर से संभाला वाहन, जेसीबी से निकाला गया बाहर; सड़क की मरम्मत और नए सिरे से निर्माण की मांग
गिद्धौर (चतरा)। गिद्धौर प्रखंड की जर्जर सड़कों के कारण एक बार फिर बड़े हादसे की स्थिति बन गई। प्रखंड के मसूरिया गांव में अर्जुन यादव के घर के समीप एक बड़ा कंटेनर वाहन सड़क के गहरे गड्ढे में फंस गया। गनीमत रही कि वाहन पलटने से बच गया। इस घटना के कारण कई घंटों तक सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
जानकारी के अनुसार, कंटेनर मसूरिया से पत्थलगड़ा की ओर जा रहा था। इसी दौरान गांव के मुख्य मार्ग पर बने बड़े गड्ढे में वाहन का पिछला पहिया धंस गया और वाहन एक तरफ झुक गया। इससे अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए लकड़ी की बल्ली और ईंट-पत्थर के सहारे वाहन को संभालकर पलटने से बचाया। बाद में ग्रामीणों और चालक की काफी मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से कंटेनर को गड्ढे से बाहर निकाला जा सका, तब जाकर आवाजाही सामान्य हुई।

ग्रामीणों ने बताया कि मसूरिया जाने वाली मुख्य सड़क पिछले कई महीनों से बेहद जर्जर है। जगह-जगह एक से दो फीट गहरे गड्ढे बन गए हैं। बरसात के बाद स्थिति और बिगड़ गई है और गड्ढों में पानी भर जाने से उनका अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। इस सड़क से रोजाना सैकड़ों लोग, स्कूली बच्चे, किसान और छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ग्रामीणों के अनुसार कई बार बाइक सवार और ऑटो चालक गड्ढों में गिरकर घायल हो चुके हैं। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है, जिन्हें रोज इसी खतरनाक सड़क से स्कूल जाना पड़ता है। अभिभावक किसी अनहोनी को लेकर चिंतित रहते हैं।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि जल्द मरम्मत नहीं हुई तो कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने जिला प्रशासन और पथ निर्माण विभाग से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने और नए सिरे से निर्माण कराने की मांग की है।


















Total Users : 1243106
Total views : 3099393