पटाखा कारोबारी के घर में बन रहे थे पटाखे; 3 शव बरामद, 4 के मलबे में दबे होने की आशंका; DM ने कहा- छानबीन के बाद ही सही संख्या का पता चलेगा
सीवान (बिहार): सीवान जिले के जामो थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में शुक्रवार शाम पटाखा बनाने के दौरान हुए भीषण विस्फोट में करीब 7 लोगों की मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, मृतकों में एक ही परिवार के पांच लोग शामिल हैं।
मृतकों का विवरण
मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों में पटाखा कारोबारी अमीरुद्दीन, उनकी तीन पोतियां, एक पोता तथा दो मजदूर शामिल हैं। हालांकि, सीवान के जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने कहा कि अभी तक दो-तीन लोगों के ही शव बरामद किए जा सके हैं। अन्य के मलबे में दबे होने की आशंका है। बचाव दल घर में प्रवेश कर रहा है और पूरी तरह छानबीन के बाद ही सही संख्या का पता चल पाएगा।
धमाका शाम करीब साढ़े 5 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। तेज धमाकों की आवाज से दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। बाद में लोगों को पता चला कि पटाखा कारोबारी अमीरुद्दीन के घर में ही विस्फोट हुआ है।
बताया गया है कि शुक्रवार को रोजाना की तरह घर के भीतर पटाखे बनाए जा रहे थे। इसी दौरान अचानक आग लग गई और देखते ही देखते पटाखों में विस्फोट होने लगे। लगातार हो रहे धमाकों से मकान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। विस्फोट इतना भयावह था कि तीन लोगों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत होकर घर के बाहर जा गिरे। घटनास्थल का दृश्य बहुत ही भयावह था।
बहू ने बचाई जान
हादसे के दौरान आग लगने की जानकारी मिलते ही अमीरुद्दीन की बहू किसी तरह घर से बाहर निकलने में सफल रही और अपनी जान बचा ली। विस्फोट के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
राहत और बचाव कार्य
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घर के बाहर तीन शवों की पुष्टि हुई, जबकि चार अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की बात बताई जा रही है। घर के भीतर रखे पटाखों में रह-रहकर विस्फोट होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में परेशानी आ रही है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है और पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुटी है।


















Total Users : 1241300
Total views : 3096892