आरपीएफ और अग्निशमन विभाग की टीम ने समझा-बुझाकर उतारा नीचे; पुलिस के हवाले की गई महिला
सीवान (बिहार)। सीवान जंक्शन पर शुक्रवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक महिला अपने प्रेमी से शादी की मांग को लेकर परिसर में बने रेलवे माइक्रोवेव टावर पर चढ़ गई। उसकी मांग थी कि उसके प्रेमी को बुलाया जाए और दोनों की कोर्ट मैरिज कराई जाए। घटना के बाद स्टेशन परिसर में भीड़ जमा हो गई।
दो घंटे चला रेस्क्यू

करीब दो घंटे चले बचाव अभियान के बाद महिला को शाम 4:10 बजे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने उसे डायल 112 की पुलिस के हवाले कर दिया।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, महिला उत्तर प्रदेश की रहने वाली है और विवाहित है। उसका कहना है कि वह करीब दो से तीन साल से सीवान जिले के एक युवक के साथ छत्तीसगढ़ के रायपुर में रह रही थी। बताया गया है कि दो-तीन दिन पहले युवक उसे लेकर अपने गांव आया था, पर उसके परिजनों ने महिला को अपनाने से इनकार कर दिया। आरोप है कि शुक्रवार को युवक उसे लेकर सीवान जंक्शन पहुंचा और गांव जाने की बात कहकर वहां से चला गया। इसके बाद परेशान महिला परिसर में बने टावर के पास पहुंची।
नौ फीट ऊंची दीवार फांदकर चढ़ी टावर पर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला ने करीब नौ फीट ऊंची दीवार फांदी और टावर पर चढ़ गई। रेलकर्मियों की नजर पड़ते ही उन्होंने तुरंत आरपीएफ को सूचना दी।
फोन पर की गई बातचीत, बिस्किट-पानी पहुंचाया
सूचना पर आरपीएफ के अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे और महिला को उतारने की कोशिश की, पर वह अपनी मांग पर अड़ी रही। स्थिति को देखते हुए अग्निशमन विभाग की टीम को भी बुलाया गया। रेस्क्यू के दौरान अधिकारियों ने मोबाइल फोन के जरिए महिला से बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया। उसकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक कर्मचारी टावर पर ऊपर चढ़ा और उसे बिस्किट और पानी दिया। अधिकारियों ने उसे समझाया कि पहले सुरक्षित नीचे उतरें, फिर आगे की कार्रवाई पर बात होगी। लगातार समझाने के बाद शाम 4:10 बजे महिला नीचे उतर आई।
नीचे उतरने के बाद आरपीएफ ने महिला को डायल 112 पुलिस को सौंप दिया। इस दौरान जंक्शन परिसर में भारी भीड़ जुटी रही और यह घटना दिनभर चर्चा का विषय बनी रही।
न्यूज स्केल लाइव – भरोसे की पहचान


















Total Users : 1241305
Total views : 3096897