फ्लैट 304 में मिला शव; मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, दरवाजा था कोड लॉक; पति फ्लैट से गायब, पुलिस जांच में जुटी; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
हजारीबाग (झारखंड): हजारीबाग शहर के सदर बड़ा बाजार टीओपी क्षेत्र के बंगाली पाड़ा स्थित गुप्ता कॉम्प्लेक्स के कमरा नंबर 304 में रहने वाली हाई कोर्ट की महिला अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती (लगभग 28 वर्ष) का शव गुरुवार सुबह करीब 10 बजे कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना उनके पति कुशाग्र रुद्र ने 100 नंबर पर दी।
सूचना मिलते ही बड़ा बाजार टीओपी प्रभारी मुकेश कुमार रजक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मुख्य दरवाजे पर पासवर्ड से खुलने वाला ऑटोमेटिक लॉक लगा था और कमरे की छिटकनी अंदर से बंद थी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।
थाना प्रभारी मुकेश कुमार रजक ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है, जिसे तकनीकी शाखा में जांच के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
पिता ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका के पिता सुनील चक्रवर्ती ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी अनुष्का की शादी लगभग दो वर्ष पूर्व कुशाग्र रुद्र से हुई थी और वह हाई कोर्ट में अधिवक्ता थी। उनके अनुसार, कुशाग्र अक्सर अनुष्का के साथ मारपीट और प्रताड़ना करता था। पिछले वर्ष भी उसके साथ मारपीट की गई थी। पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया है और आरोपी पति फरार है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कराने और दोषी को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।
पति फ्लैट से गायब
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद पति कुशाग्र रुद्र फ्लैट से गायब है और अपने साथ पालतू कुत्ते को भी ले गया है। पुलिस उससे संपर्क करने का प्रयास कर रही है, लेकिन फिलहाल संपर्क नहीं हो पाया है। बताया जा रहा है कि कुशाग्र व्यवसायी है।
फिलहाल, मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के निष्कर्ष के बाद ही हो सकेगी। पुलिस परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन छानबीन कर रही है।



















Total Users : 1240102
Total views : 3095140