तालाब के पास मिला था नरेश का शव; एसआईटी ने तकनीकी जांच से की पहचान, मोबाइल-पर्स और बाइक बरामद
कोडरमा (झारखंड)। कोडरमा जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र में लकराही तालाब के पास एक बंद पत्थर खदान से मिले अज्ञात शव का मामला पुलिस ने महज 48 घंटे में सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, यह हत्या का मामला है, जिसमें मृतक की पत्नी किरण देवी और उसके दोस्त सुनील ठाकुर को गिरफ्तार किया गया है।
बुधवार को एसपी कुमार शिवाशीष ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 अक्टूबर को खदान से अज्ञात शव बरामद हुआ था। इस संबंध में नवलशाही थाना कांड संख्या 69/26 दर्ज किया गया और एसडीपीओ के मार्गदर्शन में विशेष अनुसंधान टीम (एसआईटी) बनी। तकनीकी शाखा की मदद से शव की पहचान हजारीबाग के चौपारण निवासी नरेश ठाकुर के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार साजिश की कहानी
पुलिस की जांच के अनुसार, नरेश ठाकुर, उनकी पत्नी किरण देवी और मुख्य आरोपी सुनील ठाकुर कोलकाता में साथ रहते थे। नरेश और सुनील में गहरी दोस्ती थी। पुलिस का दावा है कि इसी दौरान 2019 से किरण और सुनील के बीच नजदीकी संबंध बन गए। पुलिस के मुताबिक, किरण पति से अलग होकर सुनील से शादी करना चाहती थी, जिसके चलते दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची।
10 अक्टूबर को हुई वारदात: पुलिस का आरोप

पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर को किरण ने सुनील को फोन कर बताया कि उसका पति बीमार है और कोडरमा रेलवे स्टेशन से कोलकाता जा रहा है। इसके बाद सुनील ने इलाज के बहाने नरेश को कोडरमा बुलाया और मोटरसाइकिल पर बैठाकर नवलशाही स्थित अपने क्लिनिक ले गया। पुलिस का आरोप है कि वहां इलाज के नाम पर नरेश को जहरीला इंजेक्शन दिया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शव और सबूत छिपाने की कोशिश
पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद सुनील ने शव को प्लास्टिक के बोरे में बांधकर मोटरसाइकिल से रात के अंधेरे में लकराही तालाब के पास बंद खदान में फेंक दिया। पहचान छिपाने के लिए मृतक का मोबाइल, पर्स और दस्तावेज चंचालिनी धाम के पास एक तालाब में फेंके गए।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सभी साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, आरोपियों और मृतक के मोबाइल फोन, पर्स और अन्य सामान जब्त किया गया है।
न्यूज स्केल लाइव – भरोसे की पहचान



















Total Users : 1240094
Total views : 3095114