झारखंड इनक्यूबेटर कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता व बाजार संपर्क की दी जानकारी
चतरा। समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में बुधवार को झारखंड इनक्यूबेटर कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य महिला उद्यमियों को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन, वित्तीय सहायता एवं बाजार संपर्क जैसी सुविधाओं से जोड़कर उनके व्यवसाय को सुदृढ़ बनाना रहा। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त रवि आनंद ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यशाला में बताया गया कि झारखंड इनक्यूबेटर कार्यक्रम भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा अनुमोदित पहल है, जिसे झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) एवं आईआईएम कलकत्ता इनोवेशन पार्क के संयुक्त सहयोग से संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिला उद्यमियों को नए व्यवसायों से जोड़ने के साथ उनके व्यवसाय विस्तार के लिए प्रशिक्षण, मार्गदर्शन, वित्तीय सहायता एवं बाजार संपर्क उपलब्ध कराना है।
उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर जोर
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त रवि आनंद ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचीं जेएसएलपीएस की सखी मंडल दीदियों एवं महिला उद्यमियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि सखी मंडल की दीदियों द्वारा तैयार उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने में झारखंड इनक्यूबेटर कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने महिला उद्यमियों से कार्यक्रम के माध्यम से उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।
आईआईएम कलकत्ता से प्रशिक्षक के रूप में पहुंचे आलोक रंजन एवं देवी प्रसाद ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से जिले एवं राज्य स्तर पर कुल 150 उत्कृष्ट महिला उद्यमियों का चयन किया जाएगा। चयनित उद्यमियों को व्यवसाय विस्तार के लिए 10 लाख रुपये तक का अनुदान/ब्याज-मुक्त ऋण प्रदान किए जाने का प्रावधान बताया गया।
कार्यशाला में विशेषज्ञ टीम द्वारा व्यक्तिगत मार्गदर्शन, व्यावसायिक प्रशिक्षण एवं इनक्यूबेशन सहायता उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। इसके अलावा उत्पादों की बेहतर पैकेजिंग, ब्रांडिंग, आधुनिक उपकरणों की जानकारी, नेटवर्किंग एवं सरकारी योजनाओं से लिंकेज स्थापित करने में सहयोग के बारे में भी बताया गया।
30 सितंबर तक कर सकेंगी ऑनलाइन आवेदन
कार्यक्रम के तहत स्वयं सहायता समूह की सदस्य, उनके परिवार के निकट संबंधी, पंजीकृत व्यवसाय संचालित करने वाले उद्यमी तथा विनिर्माण एवं सेवा क्षेत्र में कार्यरत महिला उद्यमी आवेदन कर सकती हैं। इच्छुक एवं पात्र महिला उद्यमी https://nipjharkhand.iimcip.net के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करा सकती हैं। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
कार्यक्रम में नजारत उप समाहर्ता, जेएसएलपीएस के जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला मिशन प्रबंधक, आईआईएम कलकत्ता के प्रशिक्षक आलोक रंजन एवं देवी प्रसाद, सभी प्रखंडों से बीपीएम, बीपीओ, एफटीसी तथा सखी मंडल की महिला उद्यमी दीदियां उपस्थित रहीं।





















Total Users : 1186772
Total views : 3021572