जामिया मिलिया इस्लामिया के कुलपति प्रो. मजहर आसिफ होंगे मुख्य अतिथि, 61 स्नातकोत्तर टॉपर समेत 91 शिक्षक-कर्मियों व विद्यार्थियों का होगा सम्मान
हजारीबाग, न्यूज स्केल संवाददाता। विनोबा भावे विश्वविद्यालय का 35वां स्थापना दिवस समारोह गुरुवार को पूर्वाह्न 9:45 बजे विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। समारोह का शुभारंभ आचार्य विनोबा भावे की प्रतिमा पर पुष्पार्पण के साथ होगा। कार्यक्रम को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
आयोजन सचिव सह विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष डॉ. विकास कुमार ने बताया कि समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. चंद्र भूषण शर्मा करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय, दिल्ली के कुलपति प्रो. मजहर आसिफ उपस्थित रहेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में इंडियन पॉलिटिकल साइंस एसोसिएशन के महासचिव एवं महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी के पूर्व कुलपति प्रो. संजीव कुमार शर्मा समारोह में शामिल होंगे।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन के कारण इस वर्ष स्थापना दिवस समारोह में किसी प्रकार के सांस्कृतिक अथवा मनोरंजन कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जाएगा। स्वामी विवेकानंद सभागार में कार्यक्रम शुरू होने से पूर्व पूर्व मंत्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी जाएगी।
16 सेवानिवृत्त शिक्षक-कर्मी होंगे सम्मानित
डॉ. विकास कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय की परंपरा के अनुरूप पिछले एक वर्ष में सेवानिवृत्त हुए 16 शिक्षक एवं 12 शिक्षकेतर कर्मियों को स्थापना दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा सत्र 2022-24 एवं 2023-25 के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के कुल 61 टॉपर विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
राष्ट्रीय युवा महोत्सव के विजेताओं को भी सम्मान
पिछले वर्ष की भांति इस बार भी राष्ट्रीय युवा महोत्सव में प्रथम, द्वितीय अथवा तृतीय स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाने वाले 13 विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
भाषण और निबंध प्रतियोगिता के विजेता पुरस्कृत होंगे
आचार्य विनोबा भावे जयंती के उपलक्ष्य में 9 सितंबर को आयोजित भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा। इनमें शाईना प्रवीण (प्रथम), नम्रता कुमारी (द्वितीय), प्रज्ञा आर्या एवं अदिति पांडेय (तृतीय) तथा तृप्ति महतो (सांत्वना) शामिल हैं। इसी प्रकार 10 सितंबर को आयोजित निबंध लेखन प्रतियोगिता में अदिति पांडेय (प्रथम), अनामिका कुमारी (द्वितीय), प्रज्ञा आर्या (तृतीय), अंकित कुमार रंजन (सांत्वना) एवं सोनाली सिंह (सांत्वना) को पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
स्थापना दिवस समारोह के माध्यम से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और सेवानिवृत्त शिक्षकों-कर्मियों के योगदान को सम्मानित किया जाएगा।
न्यूज स्केल लाइव | भरोसे की पहचान





















Total Users : 1186771
Total views : 3021571