Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

जूनियर महिला हॉकी एशिया कप में भारत ने रचा इतिहास, लगातार तीसरी बार बना चैंपियन

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

बरियातू स्कूल की रौशनी, पार्वती और विनिमा भारतीय विजेता टीम का हिस्सा; अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया झारखंड का गौरव

रांची। भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने चीन के मोकी में आयोजित एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप 2026 के फाइनल में चीन को 1-0 से हराकर लगातार तीसरी बार एशिया कप का खिताब अपने नाम कर इतिहास रच दिया। इस शानदार जीत के साथ भारत ने आगामी जूनियर विश्व कप के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली।

भारत की इस ऐतिहासिक उपलब्धि में सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स, बरियातू, रांची की तीन प्रतिभाशाली छात्राओं रौशनी आईंद, पार्वती टोपनो और विनिमा धान की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। तीनों खिलाड़ी भारतीय खिताब विजेता टीम का हिस्सा रहीं। उनके प्रदर्शन से विद्यालय के साथ-साथ झारखंड का भी गौरव बढ़ा है।

रौशनी और विनिमा ने गोल कर दिखाया दम

भारतीय टीम की मिडफील्डर रौशनी आईंद ने पाकिस्तान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारत की 19-0 की शानदार जीत के दौरान दो गोल दागे। उनके प्रभावी प्रदर्शन ने टीम की बड़ी जीत में अहम योगदान दिया। वहीं मिडफील्डर विनिमा धान ने मलेशिया के खिलाफ 11-1 की जीत में एक गोल किया। इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भी उन्होंने गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। डिफेंडर पार्वती टोपनो ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान भारतीय टीम की मजबूत रक्षापंक्ति का हिस्सा बनकर अहम भूमिका निभाई। उनके रक्षात्मक प्रदर्शन ने टीम को लगातार मजबूत बनाए रखने में योगदान दिया।

विद्यालय परिवार ने जताया गर्व

तीनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स बरियातू के विद्यालय परिवार ने हर्ष और गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। विद्यालय की हॉकी प्रशिक्षक करुणा पूर्ति ने खिलाड़ियों के समर्पण, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प की सराहना की।

उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों की सफलता विद्यालय की अन्य छात्राओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा, “बरियातू के एस्ट्रोटर्फ से एशिया के चैंपियन बनने तक हमारी बेटियों ने साबित कर दिया है कि प्रतिभा, कठिन परिश्रम और सही अवसर मिलकर इतिहास रच सकते हैं।”

रौशनी आईंद, पार्वती टोपनो और विनिमा धान की यह उपलब्धि झारखंड की खेल प्रतिभाओं के लिए भी प्रेरणादायक मानी जा रही है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर इन खिलाड़ियों ने यह संदेश दिया है कि उचित प्रशिक्षण, अनुशासन और मेहनत के दम पर राज्य की बेटियां वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं।

न्यूज स्केल लाइव | भरोसे की पहचान

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment