Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेलकूद क्राइम शिक्षा राजनीति स्वास्थ राशिफल
---Advertisement---

वन क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी, करीब 6 एकड़ में तैयार पोस्ता के खेत जोतकर नष्ट

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

वन विभाग, सदर थाना पुलिस और झारखंड जगुआर का संयुक्त अभियान; वन प्रमंडल पदाधिकारी बोले- वन भूमि पर अफीम की अवैध खेती कानूनन अपराध

चतरा। चतरा दक्षिणी वन प्रमंडल के सुरक्षित वन क्षेत्रों में अफीम/पोस्ता की अवैध खेती की रोकथाम के लिए वन विभाग लगातार निगरानी और जागरूकता अभियान चला रहा है। इसी क्रम में 29 नवंबर 2026 को चतरा और लावालौंग प्रक्षेत्र के विभिन्न सुदूरवर्ती एवं दुर्गम वन क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। ड्रोन कैमरे से संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की गई, जबकि वन विभाग, सदर थाना पुलिस बल और झारखंड जगुआर के जवानों ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान चलाया। इस दौरान अवैध पोस्ता की खेती के लिए करीब 6 एकड़ क्षेत्र में तैयार खेतों को पशुरक्षकों और ट्रैक्टर से जोतकर नष्ट कर दिया गया।

चतरा और लावालौंग वन प्रक्षेत्र के खैवा, बंदारू और कोरचा वन सहित अन्य सुरक्षित वन क्षेत्रों के दुर्गम इलाकों में ड्रोन की मदद से निगरानी और जांच की गई। इस दौरान वन भूमि पर अफीम की अवैध खेती की आशंका वाले क्षेत्रों का जायजा लिया गया। जांच में अफीम की खेती अथवा इसके लिए जोत-कोड़ का प्रमाण पाया गया।

अभियान में सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, सदर प्रभारी वनपाल कमल किशोर, लावालौंग प्रभारी वनपाल समरेश गंझू, इटखोरी प्रभारी वनपाल धर्मेंद्र कुमार मिश्रा, प्रधान वनरक्षी राकेश कुमार, मो. खुर्शीद आलम, अनुज कुमार, पंकज कश्यप, विकास कुमार सिंह, सुरेश दास, सुनीता तिग्गा, जीआईएस सेल के सुजोय घोष, पंकज कुमार और पशुरक्षक शामिल रहे।

दक्षिणी एवं उत्तरी वन प्रमंडल के वन प्रमंडल पदाधिकारी अहमद बेलाल अनवर ने कहा कि वन भूमि पर अवैध रूप से पोस्ता (अफीम) की खेती करना कानूनन अपराध है। वन क्षेत्रों को अवैध खेती और अतिक्रमण से मुक्त रखने के लिए विभाग पूरी तरह सतर्क है और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि अवैध गतिविधियों की पहचान और प्रभावी निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। ड्रोन कैमरे और भौगोलिक सूचना प्रणाली की सहायता से दुर्गम एवं संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी अवैध गतिविधि का समय रहते पता लगाकर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

वन प्रमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण और अफीम की अवैध खेती के खिलाफ विभाग का अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने आमजनों से अपील की कि वन क्षेत्रों में अवैध पोस्ता की खेती या किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करें और वन संपदा तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों में सक्रिय सहयोग दें।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment