WhatsApp Group Join Now

गुमला- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाए जाने वाले सेवा संकल्प अभियान को लेकर रविवार को गुमला जिला कार्यालय में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की बैठक रविवार दोपहर करीब 2 बजे संपन्न हुई, जिसमें अभियान को सफल बनाने के लिए जिला से लेकर मंडल स्तर तक के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को विस्तृत जानकारी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कार्य समिति सदस्य सत्यनारायण सिंह उपस्थित रहे। वहीं मंच पर भारतीय जनता पार्टी गुमला जिला अध्यक्ष सागर उरांव, दक्षिणी छोटानागपुर के कार्यक्रम प्रभारी सुजीत कुमार भारती, प्रदेश कार्य समिति सदस्य सविंदर कुमार सिंह, गुमला जिला महामंत्री संदीप प्रसाद, विनय कुमार लाल, सुदर्शन भगत, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव, जिला परिषद उपाध्यक्ष श्रीमती संयुक्ता देवी सहित अन्य वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती एवं महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके पश्चात भाजपा जिला अध्यक्ष सागर उरांव ने मुख्य अतिथि सत्यनारायण सिंह को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके अलावा मंचासीन अतिथियों और उपस्थित पदाधिकारियों का भी पुष्पगुच्छ देकर अभिनंदन किया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष सागर उरांव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने पर सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान पार्टी के लिए महत्वपूर्ण अभियान है और इसमें सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने अभियान की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए सभी से अपने-अपने क्षेत्रों में जिम्मेदारी के साथ कार्य करने और अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
दक्षिणी छोटानागपुर के कार्यक्रम प्रभारी सुजीत कुमार भारती ने कार्यशाला में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सेवा संकल्प अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मतिथि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने अभियान के लिए चयनित संयोजकों एवं सह-संयोजकों को अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की जिम्मेदारियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान *आशीर्वाद का दिया*, “25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत”, नामो सेवा गाथा और “आंगन का उत्सव” सहित विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यकर्ता गांवों एवं अपने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर लोगों को इन कार्यक्रमों और अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देंगे।
उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों एवं कॉलेजों में भी कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है, जिसमें विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी आमंत्रित किया जाएगा। समाज एवं क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित और पुरस्कृत करने की दिशा में भी पहल की जाएगी।
25 वर्षों में हुए बदलावों की जानकारी पहुंचाएंगे कार्यकर्ता
कार्यक्रम प्रभारी सुजीत कुमार भारती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक एवं राजनीतिक जीवन में देश में हुए विभिन्न परिवर्तनों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी की भूमिका, संगठन की कार्यशैली और जनहित से जुड़े कार्यों के बारे में भी लोगों को अवगत कराया जाएगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकारी संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा अन्य सामाजिक स्थलों पर पहुंचकर अभियान से संबंधित गतिविधियां संचालित करने की अपील की। बच्चों, आंगनबाड़ी से जुड़े कार्यकर्ताओं, सहिया एवं अन्य सेवा कार्यों से जुड़े लोगों को सम्मानित करने की बात भी कही गई।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान आयोजित सभी गतिविधियों की फोटो एवं वीडियो बनाकर साझा करने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि अभियान की गतिविधियों का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार हो सके। इसके अलावा भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा गांव एवं विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाने की भी योजना बनाई गई। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में घूमकर अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ें और सेवा कार्यों को व्यापक रूप दें।
कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी से अभियान चलाने का आह्वान
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल में देश में कई महत्वपूर्ण परिवर्तन हुए हैं। इन उपलब्धियों और बदलावों को सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मतिथि 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में चयनित संयोजक एवं सह-संयोजक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। सभी कार्यकर्ताओं को अपने क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों की फोटो एवं वीडियो तैयार कर साझा करने की जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि सेवा, समर्पण और जनसंपर्क के माध्यम से अभियान को सफल बनाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
पार्टी को बूथ और पंचायत स्तर तक मजबूत करने पर जोर
मुख्य अतिथि प्रदेश कार्य समिति सदस्य सत्यनारायण सिंह ने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का अभिवादन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और कार्यकाल के दौरान देश में व्यापक बदलाव देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि इस दौरान भारतीय जनता पार्टी भी काफी मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय होकर कार्य करना होगा। कुछ क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने की आवश्यकता है और इसके लिए कार्यकर्ताओं को गांव, पंचायत एवं बूथ स्तर तक पहुंचकर लोगों से संपर्क स्थापित करना चाहिए।
उन्होंने मतदाता सूची से संबंधित कार्यों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि एसआईआर के तहत पंचायत स्तर पर विभिन्न कार्य चल रहे हैं। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से छूट गया है या किसी युवक अथवा युवती की आयु 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, तो भाजपा कार्यकर्ताओं को सक्रिय होकर उनका नाम मतदाता सूची में जुड़वाने में सहयोग करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके कार्यकर्ता होते हैं और कार्यकर्ताओं को धरातल पर मजबूती से काम करना होगा। उन्होंने सभी से सेवा संकल्प अभियान को पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
*कार्यक्रम में युवाओं ने ग्रहण की भाजपा की सदस्यता*
कार्यशाला के दौरान भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर कई युवाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इनमें खरका के संजू मांझी, टोटो के उज्जवल विश्वकर्मा तथा गुमला के सुजल कुमार, सत्यम कुमार, राहुल कुमार और सतीश ठाकुर शामिल हैं।मुख्य अतिथि एवं पार्टी पदाधिकारियों ने नए सदस्यों को भारतीय जनता पार्टी का पट्टा पहनाकर उनका स्वागत किया।
इस दौरान सभी नए सदस्यों ने पार्टी की विचारधारा और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में पार्टी के जिला उपाध्यक्ष भैरों सिंह खेरवार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। वहीं जिला स्तरीय सेवा संकल्प अभियान कार्यशाला की बैठक का संचालन जिला महामंत्री संदीप कुमार ने किया।
कार्यक्रम में निर्मल गोयल, सत्यनारायण पटेल, सुरेश सिंह, दिनेश सिंह, महेश चौधरी, शंभू नायक, राजेश कुमार सिंह, मंगल सिंह भोक्ता, प्रेम कुमार सिंह, सोनामनी देवी, शैल मिश्रा, पायल तिवारी, खुशी कुमारी, गौरी किंडो, ज्योति बहेर, केदार साहू, भैरव सिंह खेरवार, विजय सिंह, श्याम सुंदर साहू, प्राण गोविंद दत्ता, गजाधर सिंह, बबलू वर्मा, कौशलेंद्र जमुवार , जयंत प्रसाद, जय साहू सहित बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।



















Total Users : 1173462
Total views : 3003619