घर में सो रहा था परिवार, संयोग से सभी सुरक्षित; दो कमरे अब भी जर्जर, जान के डर से बाहर रात गुजारने को मजबूर
हंटरगंज (चतरा)। लगातार हो रही बारिश के बीच हंटरगंज प्रखंड अंतर्गत जबड़ा पंचायत के तरवाडीह टोला निवासी प्रमोद यादव का मिट्टी का घर भरभराकर गिर गया। हादसे के वक्त परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। हालांकि, संयोग से सभी सुरक्षित बच गए। घर गिरने से अंदर रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया।
घर के दो कमरे अभी भी जर्जर स्थिति में हैं और कभी भी गिर सकते हैं। ऐसे में किसी अनहोनी की आशंका से डरा परिवार घर के बाहर रात गुजारने को मजबूर है। गरीब परिवार के सामने बारिश के मौसम में सुरक्षित आशियाने की समस्या खड़ी हो गई है।
जनप्रतिनिधियों ने बीडीओ को दी जानकारी
घटना की सूचना मिलने पर मुखिया प्रतिनिधि चौतू यादव एवं पंचायत समिति सदस्य रवींद्र कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मामले की जानकारी बीडीओ निखिल गौरव कमान कच्छप को दी। लगातार बारिश के बीच गरीब परिवार का आशियाना उजड़ने के बाद अब उसकी नजर प्रशासनिक मदद पर टिकी है। पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से तत्काल स्थल निरीक्षण कर उचित मुआवजा देने एवं सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मामले को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रखने की अपील की है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश और जर्जर मकान से संभावित खतरे को देखते हुए परिवार को तत्काल राहत एवं सुरक्षित आवास उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी बड़ी अनहोनी से पहले परिवार को सुरक्षित स्थान मिल सके।





















Total Users : 1173470
Total views : 3003641