एसएस प्लस 2 उच्च विद्यालय में सेवानिवृत्त शिक्षक नरेश प्रसाद सिंह ने किया अनावरण, विद्यार्थियों ने प्रस्तुतियों से बताया शिक्षक दिवस का महत्व
हंटरगंज (चतरा)। शिक्षक दिवस के अवसर पर हंटरगंज प्रखंड अंतर्गत एसएस प्लस 2 उच्च विद्यालय, पाण्डेयपुरा में भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा का अनावरण किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में सेवानिवृत्त शिक्षक नरेश प्रसाद सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उनके द्वारा प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय माहौल रहा।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि नरेश प्रसाद सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन-दर्शन, शिक्षा के प्रति उनके समर्पण और उच्च आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन और अच्छे नागरिक बनने की भावना विकसित करना भी आवश्यक है।

शिक्षकों एवं समाजसेवियों का हुआ सम्मान
समारोह में विद्यालय में लंबे समय से अपनी सेवाएं देने वाले शिक्षकों एवं समाजसेवियों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर सेवानिवृत्त बीईओ रामप्रसाद यादव, बसंत नारायण सिंह, सेवानिवृत्त शिक्षक विश्वनाथ प्रसाद, कपिलदेव प्रसाद समेत विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं शिक्षकों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। विद्यार्थियों ने भी समारोह में सक्रिय भागीदारी निभाई तथा अपने संबोधन एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों ने डॉ. राधाकृष्णन के आदर्शों को आत्मसात करने तथा शिक्षा के माध्यम से समाज को बेहतर बनाने का संकल्प लिया।





















Total Users : 1173468
Total views : 3003637