नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, नाम हटाने और मतदाता सूची में सुधार के लिए मतदान केंद्रों पर होगी विशेष व्यवस्था
सिमरिया (चतरा)। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सिमरिया प्रखंड क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण का कार्य जारी है। निर्धारित कार्यक्रम के तहत 5 अगस्त से दावा-आपत्ति, नोटिस एवं सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है। इसी अभियान के तहत 22 और 23 अगस्त को प्रखंड के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
विशेष शिविर की तैयारियों एवं नोटिस वितरण की समीक्षा को लेकर शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय सभागार, सिमरिया में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया प्रदीप कुमार महतो ने की। बैठक में प्रखंड क्षेत्र के सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) एवं सुपरवाइजर उपस्थित रहे।

बीएलओ को प्रपत्र-6, 7 और 8 के साथ उपस्थित रहने का निर्देश
बैठक में सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी चंद्रदेव प्रसाद ने सभी बीएलओ को निर्देश दिया कि वे 22 एवं 23 अगस्त को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर आवश्यक प्रपत्रों के साथ मौजूद रहें।
उन्होंने बताया कि—
- प्रपत्र-6: नए एवं छूटे हुए योग्य मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए।
- प्रपत्र-7: मतदाता सूची से नाम हटाने अथवा किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए।
- प्रपत्र-8: नाम, उम्र, पता सहित मतदाता पहचान पत्र में दर्ज अन्य विवरणों में सुधार के लिए।
योग्य युवाओं से शिविर का लाभ लेने की अपील
सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी चंद्रदेव प्रसाद ने सिमरिया प्रखंड के सभी योग्य नागरिकों एवं युवाओं से विशेष शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन युवाओं की निर्धारित आयु पूरी हो चुकी है या किसी कारणवश उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है, वे अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर संबंधित प्रपत्र जमा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि विशेष पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी योग्य नागरिक अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न रहे।






















Total Users : 1132740
Total views : 2956059