संसद मार्ग थाने के बाहर डीसीपी कार्यालय के सामने बैठे, बोले- FIR दर्ज होने तक नहीं हटूंगा
नई दिल्ली। पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को दिल्ली पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। मामले की जांच की जानकारी लेने के लिए वह संसद मार्ग थाने पहुंचे और डीसीपी कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। उनके साथ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, जयराम रमेश और सलमान खुर्शीद समेत पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद रहे।
राहुल गांधी के साथ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पैलेट लगने से घायल हुआ छात्र साहिल लोचव भी मौजूद था। राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस से मामले में अब तक हुई जांच और कार्रवाई की जानकारी मांगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होती, वह धरने से नहीं उठेंगे।
राहुल गांधी ने पुलिस से पूछे सवाल
पत्रकारों से बातचीत में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि 20 जुलाई को प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया था। उन्होंने कहा कि घायल छात्र के शरीर से मिले पैलेट और एम्स की रिपोर्ट इस मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य हैं। राहुल गांधी ने कहा कि यदि दिल्ली पुलिस ने पैलेट गन का इस्तेमाल नहीं किया तो फिर यह पता लगाया जाना चाहिए कि इन्हें किसने चलाया। उन्होंने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू करने की मांग की।
शिकायत के बाद भी एफआईआर नहीं होने का आरोप
कांग्रेस के अनुसार, घायल छात्र साहिल लोचव ने 14 अगस्त को अपने वकीलों के साथ दिल्ली पुलिस के समक्ष लिखित शिकायत दी थी। पार्टी का आरोप है कि शिकायत के बावजूद केस से संबंधित आईओ नंबर उपलब्ध नहीं कराया गया। कांग्रेस के मुताबिक, 17 अगस्त को ईमेल और फोन के माध्यम से भी मामले को आगे बढ़ाया गया, लेकिन पुलिस की ओर से अब तक संबंधित कागजात या जांच अधिकारी की जानकारी नहीं दी गई है।
20 जुलाई के प्रदर्शन के दौरान घायल हुए थे छात्र
दरअसल, 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन हुआ था। कांग्रेस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों को हटाने के दौरान दिल्ली पुलिस ने पैलेट गन का इस्तेमाल किया, जिसमें कई छात्र घायल हुए। पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है और यह जानने की मांग कर रहा है कि प्रदर्शनकारियों पर पैलेट गन चलाने का आदेश किस स्तर से दिया गया था।
राहुल गांधी ने कहा कि वह घायल छात्र और उसके परिवार के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस ने भी स्पष्ट किया है कि एफआईआर दर्ज होने और मामले में कार्रवाई शुरू होने तक उनका विरोध जारी रहेगा।























Total Users : 1132669
Total views : 2955908