माता भद्रकाली मंदिर परिसर में जलाभिषेक के लिए सुबह से देर शाम तक पहुंचते रहे श्रद्धालु, बोल बम के जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर
इटखोरी (चतरा)। सावन मास की दूसरी सोमवारी पर चतरा जिले की प्रसिद्ध धार्मिक तीर्थस्थली माता भद्रकाली मंदिर परिसर स्थित सहस्र शिवलिंगम मंदिर में जलाभिषेक के लिए अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। पूरे दिन माता भद्रकाली के दरबार में भक्तिमय माहौल बना रहा।
श्रद्धालुओं ने समीप स्थित मुहाने नदी में स्नान कर सहस्र शिवलिंगम में जलाभिषेक किया। इसके बाद माता भद्रकाली का दर्शन-पूजन किया। कई गांवों से श्रद्धालु कांवड़ लेकर जत्थे में मंदिर पहुंचे और ‘बोल बम’ के जयकारों के बीच सहस्र शिवलिंगम में जल अर्पित किया।
मान्यता है कि मंदिर परिसर स्थित सहस्र शिवलिंगम में 1008 शिवलिंग अंकुरित हैं। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि यहां एक साथ जल अर्पित करने से एक ही बार में 1008 शिवलिंगों पर जलाभिषेक का फल प्राप्त होता है। यही कारण है कि सावन के महीने में बड़ी संख्या में श्रद्धालु विशेष रूप से यहां पहुंचकर जलाभिषेक करते हैं।
माता भद्रकाली के दरबार में सालभर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है, लेकिन सावन में माता के दर्शन-पूजन के साथ सहस्र शिवलिंगम में जलाभिषेक का विशेष महत्व माना जाता है। चतरा जिले के विभिन्न प्रखंडों के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और ओडिशा समेत पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।





















Total Users : 1187244
Total views : 3022230