4.50 लाख रुपये की घूस मांगने का आरोप, पहली किस्त के 50 हजार लेते ही ACB ने रंगे हाथ दबोचा
खूंटी: झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को खूंटी की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) सह महिला थाना प्रभारी सुलेखा कुमारी सपना को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई महिला थाना परिसर में की गई, जहां आरोपी अधिकारी शिकायतकर्ता से रिश्वत की पहली किस्त स्वीकार कर रही थीं।
जानकारी के अनुसार, खूंटी जिले के हुरलुंग निवासी श्याम कुमार ने एसीबी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके विरुद्ध महिला थाना में कांड संख्या-06/2025 दर्ज है। मामले की जांच के दौरान केस में राहत देने और जांच में सहयोग करने के बदले थाना प्रभारी ने 4 लाख 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पूरे मामले का गुप्त सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये देने की सहमति बनी। शिकायत की पुष्टि होने पर एसीबी ने 29 जुलाई 2026 को रांची एसीबी थाना में कांड संख्या-15/26 दर्ज कर विशेष ट्रैप टीम का गठन किया।
पूर्व निर्धारित योजना के तहत गुरुवार को शिकायतकर्ता रिश्वत की राशि लेकर महिला थाना पहुंचा। जैसे ही थाना प्रभारी ने 50 हजार रुपये स्वीकार किए, पहले से घात लगाए बैठी एसीबी की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी थाना प्रभारी को अपने साथ ले गई, जहां उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7(ए) के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

एसीबी अब इस मामले से जुड़े दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी अधिकारी को सक्षम न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
इस कार्रवाई को झारखंड में भ्रष्टाचार के विरुद्ध एसीबी की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी पद का दुरुपयोग कर रिश्वत मांगने वाले किसी भी अधिकारी के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






















Total Users : 1102856
Total views : 2915589