कड़ी मेहनत, अनुशासन और अटूट लगन का परिणाम तब देखने को मिला, जब एक होनहार छात्र ने देश की प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर अपने परिवार, गुरुजनों और समाज का नाम गौरवान्वित किया। उनकी इस उपलब्धि से लोगों में खुशी की लहर है और युवाओं के लिए वे प्रेरणा बनकर उभरे हैं।
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले की जमानिया तहसील अंतर्गत रेवतीपुर (पट्टी धज्जू राय) निवासी होनहार छात्र आदर्श राय ने प्रतिष्ठित NEET-UG 2026 परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 10,670 तथा कैटेगरी रैंक 1,164 प्राप्त की है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने मेडिकल क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया है।
आदर्श राय, स्वर्गीय शिवकुमार राय के नाती एवं नंद कुमार राय (नंदू राय) के पुत्र हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद उत्तर प्रदेश के वाराणसी में रहकर आकाश इंस्टीट्यूट से नीट परीक्षा की तैयारी की। कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर उन्होंने यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
अपनी सफलता का श्रेय आदर्श राय ने अपने माता-पिता, गुरुजनों तथा परिवार के सभी सदस्यों को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार का सहयोग और शिक्षकों का मार्गदर्शन ही उन्हें लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहा।
आदर्श की इस उपलब्धि पर गाजीपुर जिले के रेवतीपुर गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। सामाजिक, शैक्षणिक एवं विभिन्न संगठनों के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लोगों ने कहा कि उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह साबित करती है कि समर्पण और कड़ी मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
News Scale Live संवाददाता : त्रिलोकी नाथ राय





















Total Users : 1187190
Total views : 3022148