पंकज तिवारी बोले– छात्र आंदोलन और विपक्ष के दबाव की बड़ी जीत
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। कांग्रेस नेताओं ने इसे छात्रों के आंदोलन और विपक्ष के लगातार दबाव का परिणाम बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक संघर्ष की बदौलत सरकार को झुकना पड़ा।
झारखंड कांग्रेस के लातेहार जिला मीडिया प्रभारी पंकज तिवारी ने शनिवार को जारी एक वीडियो बयान में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और छात्र आंदोलन की बड़ी जीत है।
उन्होंने कहा कि NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के खिलाफ देशभर के छात्रों ने लगातार आवाज उठाई। विपक्ष ने भी इस मुद्दे को मजबूती से संसद से लेकर सड़क तक उठाया, जिसके कारण केंद्र सरकार पर दबाव बढ़ा।
पंकज तिवारी ने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में पहली बार ऐसा हुआ है, जब जनता और छात्रों के आंदोलन के दबाव में केंद्र सरकार के किसी मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने इसे लोकतंत्र और युवाओं की आवाज की जीत बताया।
उन्होंने कहा कि छात्र अपने भविष्य को लेकर आंदोलन कर रहे थे और उनकी मांगों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता था। कांग्रेस शुरू से ही छात्रों के साथ खड़ी रही और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता तथा जवाबदेही की मांग करती रही है। पंकज तिवारी ने कहा कि युवाओं के अधिकारों और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था के लिए कांग्रेस का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा तथा छात्रों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।




















Total Users : 1120914
Total views : 2939921