बाइक व मोबाइल जब्त; एनडीपीएस एक्ट में भेजे गए जेल
सिमरिया/चतरा। चतरा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पत्थलगड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नावाडीह भेलवाड़ा मोड़ के पास से दो तस्करों को 7.4 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
मामले की जानकारी मंगलवार को अनुमंडल पुलिस कार्यालय, सिमरिया में आयोजित प्रेस वार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (आईपीएस) शुभम नागरगोजे भाऊ साहेब ने दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति गिद्धौर से अवैध ब्राउन शुगर खरीदकर पत्थलगड़ा थाना क्षेत्र के भेलवाड़ा मोड़, नावाडीह की ओर बिक्री के उद्देश्य से आ रहे हैं।
सूचना के सत्यापन एवं त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। एसडीपीओ शुभम नागरगोजे के नेतृत्व तथा पत्थलगड़ा थाना प्रभारी राकेश कुमार के सहयोग से पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप कुमार साव, निवासी ग्राम तेलियाडीह मिसरौल तथा कृष्णा कुमार साव, निवासी मिसरौल बस्ती, थाना टंडवा, जिला चतरा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 7.4 ग्राम ब्राउन शुगर, एक मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
इस संबंध में पत्थलगड़ा थाना कांड संख्या-51/2026 दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी प्रदीप कुमार साव के विरुद्ध पूर्व से भी टंडवा थाना कांड संख्या-23/2021 दर्ज है, जिससे उसके आपराधिक गतिविधियों में पहले से संलिप्त रहने की पुष्टि होती है।
छापेमारी दल में पत्थलगड़ा थाना के सहायक अवर निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह, आरक्षी वीरेंद्र कुमार यादव तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।























Total Users : 1087092
Total views : 2893537