24 घंटे में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, लोडेड इटालियन पिस्टल समेत हथियार, गोलियां और बाइक बरामद
हजारीबाग। पदमा ओपी क्षेत्र में सेवानिवृत्त शिक्षक रामजय कुमार महथा पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के अंदर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से लोडेड इटालियन पिस्टल, आठ जिंदा गोलियां, दो मिस फायर गोली, दो खोखा, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और दो मोबाइल बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरजपुरा गली नंबर-01 निवासी कृष्णा महतो उर्फ महेश महतो के रूप में हुई है।
हजारीबाग पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बताया कि छह सितंबर की सुबह करीब 8:30 बजे रामजय कुमार महथा हजामत बनाने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने उन पर दो राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बहन के घर से आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जिहु गांव में छापेमारी कर कृष्णा महतो को उसकी बहन यशोदा देवी के घर से गिरफ्तार किया।
एसपी के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने शिक्षक के साथ पूर्व से चले आ रहे आपसी विवाद के कारण बदला लेने के लिए घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। आरोपी के खिलाफ पदमा समेत अन्य थानों में कई मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। छापेमारी में बरही एसडीपीओ, पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार, पदमा ओपी के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवानों के अलावा तकनीकी और संगठित अपराध शाखा की टीम शामिल थी।

















Total Users : 1174818
Total views : 3005477