सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच विद्यार्थियों ने दिया प्रेम, सेवा और मानवता का संदेश
सिमरिया (चतरा)। उदयन पब्लिक स्कूल, सिमरिया में रथ यात्रा के पावन अवसर पर धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के कक्षा 10 के छात्र अनिकेत कुमार एवं कक्षा 8 की छात्रा सुमन ने रथ यात्रा के महत्व पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया। वहीं छात्र-छात्राओं ने भक्ति गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का मन मोह लिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती शैली रॉय ने अपने संबोधन में कहा कि रथ यात्रा केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, सेवा, समानता और मानवता का संदेश देने वाला महान उत्सव है। उन्होंने विद्यार्थियों से भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं मानवीय आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही। पूरे विद्यालय परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। अंत में सभी ने भगवान श्री जगन्नाथ से देश एवं समाज की सुख-समृद्धि, शांति एवं कल्याण की प्रार्थना की। विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।






















Total Users : 1076758
Total views : 2878665