स्कूल-कॉलेजों में बनेंगे एंटी नारकोटिक क्लब, जागरूकता अभियान और निगरानी होगी तेज
चतरा। समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में बुधवार को उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में नारकोटिक्स कंट्रोल समन्वय समिति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अवैध अफीम की खेती की रोकथाम, विनष्टीकरण अभियान, जनजागरूकता गतिविधियों तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले में अवैध अफीम की खेती के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को कार्रवाई और तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं वन विभाग को आपसी समन्वय स्थापित कर संवेदनशील क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा अवैध खेती में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उपायुक्त ने ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों एवं संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देने पर विशेष बल दिया। उन्होंने विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में एंटी नारकोटिक क्लब का गठन करने तथा छात्र-छात्राओं के बीच नुक्कड़ नाटक, पोस्टर, बैनर, संगोष्ठी और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन क्षेत्रों में पूर्व में अवैध अफीम की खेती हुई थी, वहां विशेष जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करने को कहा।
बैठक में कृषि विभाग को उर्वरक विक्रेताओं द्वारा निर्धारित अभिलेखों का नियमित संधारण सुनिश्चित करने तथा प्रभावी निगरानी व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया। वहीं बिना चिकित्सकीय परामर्श-पत्र (प्रिस्क्रिप्शन) के प्रतिबंधित इंजेक्शन एवं दवाओं की बिक्री पर कड़ी निगरानी रखते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी, वन प्रमंडल पदाधिकारी (उत्तरी) राहुल मीणा, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी चतरा जहूर आलम, अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चतरा सन्नी वर्धन, जिला परिवहन पदाधिकारी माहेश्वरी प्रसाद, सभी संबंधित अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।



















Total Users : 1120901
Total views : 2939908