राष्ट्रीय राजमार्ग, विद्यालय और मंदिर के समीप संचालन का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
हंटरगंज (चतरा)। हंटरगंज प्रखंड अंतर्गत नावाडीह पंचायत के सोहाद गांव में संचालित सरकारी शराब दुकान को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध तेज हो गया है। विधायक प्रतिनिधि रौशन कुमार सिंह ने इस संबंध में चतरा उपायुक्त को आवेदन सौंपकर शराब दुकान को तत्काल हटाने अथवा अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की है।
आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया है कि सरकारी शराब दुकान का संचालन माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित नियमों के विपरीत किया जा रहा है। उनका कहना है कि दुकान राष्ट्रीय राजमार्ग से लगभग 70 से 80 फीट की दूरी पर स्थित है, जबकि नियमानुसार निर्धारित दूरी के भीतर शराब दुकान का संचालन नहीं किया जा सकता।

उन्होंने यह भी बताया कि शराब दुकान से लगभग 100 फीट की दूरी पर एक निजी विद्यालय संचालित है, जहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण करते हैं। ऐसे में शराब दुकान के संचालन से विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित होने तथा बच्चों के पठन-पाठन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि शराब दुकान के ठीक सामने बजरंगबली मंदिर स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थल के समीप शराब दुकान संचालित होने से मंदिर की गरिमा प्रभावित हो रही है तथा श्रद्धालुओं को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक प्रतिनिधि रौशन कुमार सिंह ने उपायुक्त से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो शराब दुकान को तत्काल बंद कर उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। साथ ही इस मामले में संबंधित पदाधिकारियों एवं संवेदक की भूमिका की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालय, मंदिर और आम जनता के हितों की रक्षा करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जनभावनाओं का सम्मान करते हुए प्रशासन को इस मामले में शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।





















Total Users : 1174518
Total views : 3005084