रिक्त पदों पर प्रतीक्षा सूची से होगी नियुक्ति, एसआईआर के बाद ग्राम रोजगार सेवकों के स्थानांतरण पर होगा निर्णय
चतरा। समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में बुधवार को उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में मनरेगा स्थापना समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत विभिन्न रिक्त पदों पर नियुक्ति की अद्यतन स्थिति एवं चयन प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी के 1, तकनीकी सहायक (सहायक अभियंता समकक्ष) के 9, तकनीकी सहायक (कनीय अभियंता समकक्ष) के 4, लेखा सहायक के 5, कंप्यूटर सहायक के 7 तथा ग्राम रोजगार सेवक के 11 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर परिणाम घोषित किए जा चुके हैं। इन चयनित अभ्यर्थियों को शीघ्र ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
उपायुक्त रवि आनंद ने निर्देश दिया कि जिन पदों पर स्वीकृत रिक्तियां अब भी शेष हैं, उन्हें श्रेणीवार प्रतीक्षा सूची से नियमानुसार भरने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए। उन्होंने अंतिम चयन सूची तैयार कर नियुक्ति पत्र वितरण में तेजी लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में मनरेगा के तहत कार्यरत ग्राम रोजगार सेवकों के स्थानांतरण के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। समिति को बताया गया कि कई ग्राम रोजगार सेवकों का तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा हो चुका है। इस पर निर्णय लिया गया कि वर्तमान में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के पूरा होने के बाद नियमानुसार स्थानांतरण की प्रक्रिया पर निर्णय लिया जाएगा। बैठक में अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, डीआरडीए निदेशक अलका कुमारी, जिला कृषि पदाधिकारी गौतम कुमार सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।






















Total Users : 1076758
Total views : 2878665