Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

मानसिक स्वास्थ्य व दिव्यांग अधिकारों को लेकर जागरूकता अभियान

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

विद्यालय और पंचायत भवन में छात्राओं व ग्रामीणों को दी गई कानूनी व स्वास्थ्य संबंधी जानकारी

चतरा/सिमरिया/गिद्धौर: जिला विधिक सेवा प्राधिकार, चतरा के सचिव तारकेश्वर दास के निर्देशन में सिमरिया एवं गिद्धौर प्रखंड में मानसिक स्वास्थ्य, मानसिक दिव्यांगजनों के अधिकार तथा निःशुल्क विधिक सेवाओं को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में छात्राओं, ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों को सरकारी सुविधाओं, कानूनी अधिकारों और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।

सिमरिया स्थित पीएम श्री कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका उच्च विद्यालय में कानूनी सहायता केंद्र के अधिकार मित्र सुबोध कुमार शर्मा, उमेश प्रसाद एवं रंजन कुमार मिश्रा द्वारा जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में छात्राओं को बताया गया कि मानसिक दिव्यांगता कोई अभिशाप नहीं है। ऐसे व्यक्तियों को भी अन्य नागरिकों की तरह समान अधिकार, सम्मान और अवसर प्राप्त हैं। उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, दिव्यांग पेंशन, प्रमाण-पत्र, विभिन्न सरकारी योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता का लाभ मिलना उनका अधिकार है।

कार्यक्रम में नालसा हेल्पलाइन 15100 की जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर इसका उपयोग करने की अपील की गई। अधिकार मित्र सुबोध कुमार शर्मा ने कहा कि मानसिक दिव्यांगजनों के प्रति समाज का सकारात्मक दृष्टिकोण ही उन्हें मुख्यधारा से जोड़ सकता है। उन्होंने छात्राओं से अपने आसपास के जरूरतमंद दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं एवं निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी देने का आग्रह किया।

वहीं गिद्धौर प्रखंड के बारीसाखी पंचायत कार्यालय सभागार में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अधिकार मित्र पवन कुमार की उपस्थिति में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण महिलाएं एवं पुरुष शामिल हुए।

कार्यक्रम में बताया गया कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। तनाव, चिंता, अवसाद (डिप्रेशन) और अकेलेपन जैसी समस्याओं को छिपाने के बजाय समय पर परामर्श और उपचार लेना आवश्यक है। ग्रामीणों को सलाह दी गई कि मानसिक तनाव की स्थिति में अपने परिवार या मित्रों से खुलकर बातचीत करें तथा सरकार की राष्ट्रीय टेली मानस हेल्पलाइन 14416 / 1800-891-4416 पर कॉल कर निःशुल्क परामर्श प्राप्त करें।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने, जरूरतमंदों की सहायता करने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment