गिद्धौर पुलिस की तत्परता रंग लाई, रिश्तेदार के घर से मिली महिला
गिद्धौर (चतरा)। गिद्धौर थाना क्षेत्र के पिंडारकोण गांव निवासी 30 वर्षीय पूनम कुमारी के लापता होने के मामले में गिद्धौर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस की तत्परता से परिजनों ने राहत की सांस ली है और प्रशासन की सराहना की है।
जानकारी के अनुसार, पूनम कुमारी के पति रंजीत कुमार राणा ने सोमवार को गिद्धौर थाना में पत्नी की गुमशुदगी को लेकर आवेदन दिया था। आवेदन में बताया गया था कि उनकी पत्नी घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों द्वारा काफी खोजबीन की गई, परंतु उसका कोई पता नहीं चल सका।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री ने तत्काल जांच शुरू कर दी। तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने देर शाम महिला का पता लगा लिया। जांच में पता चला कि पूनम कुमारी इटखोरी प्रखंड स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर पर मौजूद थीं।
महुआ डोरी चुनने निकली थी पूनम कुमारी, रिश्तेदारों और आस-पास काफी खोजबीन के बाद भी सुराग नहीं
पुलिस ने महिला को सकुशल बरामद कर इसकी सूचना परिजनों को दी। महिला के सुरक्षित मिलने की खबर से परिवार में खुशी का माहौल है। परिजनों ने पुलिस की सक्रियता और संवेदनशील कार्यशैली की जमकर प्रशंसा की।
थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री ने बताया कि महिला पूरी तरह सुरक्षित है और उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी गुमशुदगी की सूचना मिलने पर पुलिस तत्परता के साथ कार्रवाई करती है, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।
गौरतलब है कि गुमशुदगी की खबर सामने आने के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल था, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामला सुखद रूप से सुलझ गया और महिला सुरक्षित अपने घर लौट आई।




















Total Users : 1033304
Total views : 2817639