शांति समिति की बैठक में भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील, अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी कड़ी नजर
सिमरिया (चतरा)। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को सिमरिया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी प्रदीप कुमार महतो ने की, जबकि संचालन थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह ने किया।
बैठक में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों एवं दोनों समुदायों के लोगों ने भाग लिया। इस दौरान मुहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
अनुमंडल पदाधिकारी प्रदीप कुमार महतो ने कहा कि मुहर्रम आस्था, त्याग और अनुशासन का पर्व है, जिसे आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
प्रखंड विकास पदाधिकारी चंद्रदेव प्रसाद ने बताया कि मुहर्रम जुलूस की निगरानी सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन कैमरों के माध्यम से की जाएगी। साथ ही जुलूस के दौरान आयोजक समिति के स्वयंसेवकों की भी तैनाती रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलूस में ऑनलाइन अथवा आपत्तिजनक गीतों के प्रसारण की अनुमति नहीं होगी तथा बजाए जाने वाले गीतों की सूची पूर्व निर्धारित की जाएगी।
थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि सभी जुलूस आयोजक निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन करें और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान असामाजिक तत्वों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी तथा शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपस्थित लोगों ने मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
मौके पर जिला परिषद सदस्य नंदन साहू, मोहम्मद अख्तर, मोहम्मद फारूक, आलोक रंजन सहित बड़ी संख्या में दोनों समुदायों के लोग उपस्थित थे।




















Total Users : 1033304
Total views : 2817639