रांची, —सीबीएसई से संबद्ध वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेवन स्टार्स एकादेमी , हेहल रांची में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक भव्य एवं प्रेरणादायक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा योग के विभिन्न आसनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं योग के महत्व पर प्रकाश डालने के साथ किया गया। विद्यालय के प्रशिक्षकों एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, त्रिकोणासन, पद्मासन सहित विभिन्न योगासन तथा अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं ध्यान का अभ्यास किया। विद्यार्थियों ने अनुशासन, एकाग्रता एवं उत्साह के साथ योगाभ्यास कर सभी उपस्थित लोगों को प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक, बौद्धिक एवं आध्यात्मिक विकास का भी सशक्त माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत एवं जीवन संतुलित रहता है। वर्तमान समय में बढ़ते तनाव एवं प्रतिस्पर्धा के बीच योग स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का सर्वोत्तम साधन है।
विद्यालय के निदेशक डॉ. बिन्देश्वर बेक ने अपने संदेश में कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। विद्यार्थियों को प्रतिदिन योग एवं ध्यान को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए ताकि वे शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सशक्त एवं नैतिक रूप से जागरूक नागरिक बन सकें।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। विद्यालय में समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं जिससे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिले।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने नियमित रूप से योग करने एवं अपने परिवार तथा समाज को भी योग के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम उत्साह, अनुशासन एवं सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा।
“योग अपनाएं, निरोग जीवन पाएं”






















Total Users : 1030744
Total views : 2814267