434 अभ्यर्थी होंगे शामिल, परीक्षा के सफल व निष्पक्ष आयोजन के लिए अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
चतरा। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) पुनर्परीक्षा-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि जिले में 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा में कुल 434 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5रू15 बजे तक डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, चतरा में आयोजित की जाएगी। उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की इस महत्वपूर्ण परीक्षा के आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता एवं सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा केंद्र पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप अभ्यर्थियों की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान परीक्षा केंद्र पर पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा, सीसीटीवी निगरानी एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा केंद्र के आसपास अनावश्यक भीड़, यातायात अवरोध अथवा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित विभाग अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि परीक्षा का आयोजन सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी जहूर आलम, जिला शिक्षा पदाधिकारी दिनेश कुमार मिश्रा, जिला शिक्षा अधीक्षक रामजी कुमार, डीएसपी मुख्यालय, प्रखंड विकास पदाधिकारी हरिनाथ महतो सहित प्रशासन, पुलिस एवं शिक्षा विभाग के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।























Total Users : 1025486
Total views : 2807235