दो हिरासत में, 10 अन्य के खिलाफ प्राथमिकी की तैयारी
सिमरिया (चतरा)। सिमरिया प्रखंड में सरकारी गैरमजरूआ जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। अंचल अधिकारी (सीओ) गौरव कुमार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र के भू-माफियाओं और अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है। मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि 10 अन्य लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोवा कला गांव में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत प्रशासन को मिली थी। शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए सीओ गौरव कुमार के निर्देश पर राजस्व एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने स्थल का निरीक्षण किया। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस का ऑपरेशन क्लीन: सवा दो किलो अवैध अफीम के साथ तस्कर रंगे हाथ गिरफ्तार, भेजा गया जेल
वहीं प्रशासन की दूसरी कार्रवाई सलगी गांव में की गई, जहां सरकारी जमीन पर अवैध रूप से निर्माण कार्य कराया जा रहा था। मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम ने निर्माण कार्य को तत्काल रुकवाते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। साथ ही संबंधित भूमि पर ‘सरकारी संपत्ति’ का बोर्ड लगाकर उसे प्रशासनिक कब्जे में ले लिया गया।
सीओ गौरव कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और प्रशासन किसी भी प्रकार के दबाव में नहीं आएगा।
प्रशासन की लगातार कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों में बेचैनी देखी जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने सरकारी जमीनों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया है।






















Total Users : 1002988
Total views : 2776433