एसडीपीओ के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई;अंचल अधिकारी और पुलिस टीम की छापेमारी, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
न्यूज स्केल लाइव
चतरा/कुंदा: चतरा जिले में नशीले पदार्थों के काले कारोबार और अफीम तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहब के नेतृत्व में गठित विशेष छापेमारी दल ने कुंदा थाना क्षेत्र के सिकिदाग गांव में गुप्त सूचना के आधार पर दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध अफीम बरामद की है।
पुलिस ने मौके से एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में चतरा जेल भेज दिया है। सिमरिया एसडीपीओ ने अपने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस (पत्रकार वार्ता) कर इस सफल पुलिसिया कार्रवाई की विस्तृत जानकारी मीडिया के साथ साझा की।
3 जून को मिली थी गुप्त सूचना, सीओ के नेतृत्व में बनी टास्क फोर्स
एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहब ने बताया कि बीते बुधवार, 3 जून 2026 को पुलिस को पुख्ता और गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि कुंदा थाना क्षेत्र के ग्राम सिकिदाग में एक व्यक्ति व्यावसायिक और तस्करी के उद्देश्य से अपने घर में भारी मात्रा में अवैध अफीम छिपाकर रखे हुए है।
सूचना की संवेदनशीलता और प्रामाणिकता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई हेतु कुंदा अंचल अधिकारी (CO) दीपक कुमार मिश्रा के मैजिस्ट्रेट नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल (टास्क फोर्स) का गठन किया गया।
घर में तलाशी के दौरान 2.132 किलोग्राम अफीम जब्त, तस्कर दबोचा
गठित छापामारी दल ने बिना समय गंवाए सिकिदाग गांव पहुंचकर लक्षित घर की चारों तरफ से घेराबंदी की। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जब घर की सघन तलाशी ली गई, तो पुलिस ने वहां से 2.132 किलोग्राम (करीब सवा दो किलो) उच्च गुणवत्ता वाली अवैध गीली अफीम बरामद की।
अफीम को तुरंत तौलकर विधिवत जब्त कर लिया गया। इस मामले में पुलिस ने मौके से घर के मालिक और मुख्य आरोपी रविंद्र रविदास उर्फ रविंद रविदास (निवासी: ग्राम सिकिदाग, थाना कुंदा, जिला चतरा) को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कांड संख्या 38/2026 दर्ज
एसडीपीओ ने बताया कि पकड़े गए आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधित मादक पदार्थों की तस्करी और भंडारण करने के आरोप में कुंदा थाना में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत कांड संख्या 38/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस अभिरक्षा में आवश्यक पूछताछ के बाद गुरुवार को अभियुक्त को स्थानीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से विद्वान न्यायाधीश के आदेश पर उसे चतरा जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस तस्कर के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है ताकि अफीम के मुख्य खरीदारों तक पहुंचा जा सके।
चतरा पुलिस प्रशासन द्वारा चलाए गए इस सफल और त्वरित छापामारी अभियान में मुख्य रूप से: सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहब, कुंदा अंचल अधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, कुंदा थाना प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक (पुअनि) श्रीकांत पांडे, कुंदा थाना के सशस्त्र बल के जांबाज जवान शामिल थे।



















Total Users : 1004063
Total views : 2777864