पशुपालक को लाखों का नुकसान, कोल वाहनों की रफ्तार पर ग्रामीणों में आक्रोश
सिमरिया (चतरा)। सिमरिया-बगरा मुख्य मार्ग पर कोयला परिवहन में लगे वाहनों की बेलगाम रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। बुधवार देर रात बेलगड्डा उड़ी के समीप कोयला लदे एक तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से तीन दुधारू भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और ग्रामीणों ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हाईवा टंडवा कोल माइंस से कोयला लोड कर सिमरिया-बगरा मार्ग होते हुए चंदवा की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सड़क से गुजर रही तीन भैंसों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों भैंसों ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया।
मृत भैंसें दुंदुआ गांव निवासी पशुपालक विनोद भुइयां की बताई जा रही हैं। घटना के बाद पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। विनोद भुइयां ने बताया कि दूध बेचकर ही उनके परिवार का भरण-पोषण होता था और ये तीनों दुधारू भैंसें उनकी आजीविका का मुख्य आधार थीं। एक साथ तीन भैंसों की मौत से उन्हें लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
पीड़ित ने जिला प्रशासन एवं संबंधित माइनिंग कंपनी से उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि उनके परिवार को आर्थिक संकट से राहत मिल सके।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि रात के समय इस मार्ग पर ओवरलोड कोयला लदे हाईवा वाहन तेज गति से दौड़ते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से कोयला परिवहन में लगे वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने, नियमित जांच अभियान चलाने तथा लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं।
पुलिस का ऑपरेशन क्लीन: सवा दो किलो अवैध अफीम के साथ तस्कर रंगे हाथ गिरफ्तार, भेजा गया जेल






















Total Users : 1004384
Total views : 2778327